You are currently viewing कनाडा में लागू होगा नया नागरिकता कानून, हजारों भारतीय परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत

कनाडा में लागू होगा नया नागरिकता कानून, हजारों भारतीय परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत

ओटावा: कनाडा ने अपने नागरिकता कानूनों में एक ऐतिहासिक बदलाव करते हुए बिल C-3 को शाही मंजूरी दे दी है, जिसका सीधा और बड़ा फायदा वहां रहने वाले हजारों भारतीय मूल के परिवारों को मिलने जा रहा है। इस नए कानून के लागू होने से उन हजारों बच्चों को कनाडाई नागरिकता मिल सकेगी जो अब तक पुराने और सख्त नियमों के कारण इससे वंचित रह जाते थे। यह महत्वपूर्ण घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच द्विपक्षीय मुलाकात हुई है।

दरअसल, साल 2009 में कनाडा सरकार ने नागरिकता नियमों पर एक सख्त पाबंदी लगाई थी, जिसे ‘पहली पीढ़ी की सीमा’ के नाम से जाना जाता था। इस नियम के तहत यदि कोई कनाडाई नागरिक कनाडा के बाहर पैदा हुआ है या गोद लिया गया है, और फिर उसका बच्चा भी कनाडा के बाहर पैदा होता है, तो उस बच्चे को जन्मजात कनाडाई नागरिकता नहीं मिल सकती थी। इस नियम का सबसे बुरा असर उन भारतीय मूल के कनाडाई नागरिकों पर पड़ रहा था जो नौकरी, व्यवसाय या शिक्षा के सिलसिले में विदेश में रह रहे थे और वहां उनके बच्चों का जन्म हुआ।

बिल C-3 के अस्तित्व में आने के बाद अब यह पुरानी बाधा समाप्त हो जाएगी। नए कानून के तहत वे लोग भी अब नागरिकता हासिल कर सकेंगे जो पुराने नियमों की वजह से छूट गए थे, बशर्ते उनका जन्म कानून लागू होने से पहले हुआ हो। अब अगर कोई कनाडाई नागरिक खुद विदेश में पैदा हुआ है, तो भी वह अपने विदेश में जन्मे बच्चे को नागरिकता दे सकेगा। इसके लिए शर्त केवल इतनी होगी कि माता-पिता को कनाडा के साथ अपना ‘मजबूत संबंध’ साबित करना होगा। सरकार का कहना है कि यह बदलाव आज के आधुनिक और वैश्विक परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है।

कानूनी तौर पर इस बदलाव की नींव 19 दिसंबर 2023 को तब पड़ी थी, जब ओंटारियो सुपीरियर कोर्ट ने ‘पहली पीढ़ी की सीमा’ वाले नियम को गैर-संवैधानिक करार दिया था। अदालत ने माना था कि यह नियम बच्चों के साथ अन्याय है। कनाडाई सरकार ने भी अदालत के इस फैसले को स्वीकार करते हुए इसके खिलाफ अपील नहीं की और माना कि पुराना कानून परिवारों को नुकसान पहुंचा रहा था।

कनाडाई आप्रवासन मंत्री लीना मेटलेज-डियाब ने इस पर खुशी जताते हुए कहा कि नया कानून पिछली नाइंसाफियों को खत्म करेगा और भविष्य के लिए एक सरल और स्पष्ट व्यवस्था स्थापित करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि कानून लागू होने की तारीख का ऐलान जल्द ही किया जाएगा और तब तक प्रभावित लोगों के लिए एक अंतरिम व्यवस्था जारी रहेगी। इस फैसले से कनाडा में बसे भारतीय समुदाय में खुशी की लहर है। 

New citizenship law to be implemented in Canada, thousands of Indian families to get big relief