जम्मू: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस (SMVDIME) की पहली एडमिशन लिस्ट को लेकर बड़ा सियासी और धार्मिक विवाद खड़ा हो गया है। इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा की अगुवाई में राजभवन पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल ने मेडिकल कॉलेज की चयन सूची पर गंभीर सवाल उठाए हैं और इसे तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है।
विवाद की मुख्य वजह कॉलेज के पहले बैच (2025-26) के लिए जारी की गई मेरिट लिस्ट है। इस साल संस्थान को एमबीबीएस की 50 सीटों के लिए मंजूरी मिली थी। भाजपा नेताओं और प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि जिन छात्रों को दाखिला मिला है, उनमें भारी असमानता है। आंकड़ों के मुताबिक, 50 में से 41 सीटें पर मुस्लिम छात्रों को प्रवेश दिया गया है। इस लिस्ट के सामने आने के बाद से ही विवाद गहरा गया है। भाजपा नेताओं ने उपराज्यपाल के सामने इसे एक ‘असाधारण और महत्वपूर्ण’ मुद्दा बताते हुए अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है। वहीं, कई दक्षिणपंथी समूह भी चयन प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि इस कॉलेज को अल्पसंख्यक संस्थान का दर्जा दिया जाए।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि उनका विरोध इस तर्क पर आधारित है कि यह संस्थान करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि श्राइन बोर्ड को मिलने वाला दान श्रद्धालुओं द्वारा धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यों के लिए दिया जाता है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अपील की है कि दाखिले के लिए उन छात्रों के नामों पर प्राथमिकता से विचार किया जाना चाहिए जो माता वैष्णो देवी में आस्था रखते हैं। उनका कहना है कि श्राइन बोर्ड के पैसों से चल रहे संस्थान में बहुसंख्यक श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए।
राजभवन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ हुई इस बैठक में सुनील शर्मा के अलावा भाजपा के वरिष्ठ विधायक शाम लाल शर्मा, सुरजीत सिंह सलाथिया, देवेंद्र कुमार मन्याल और रणबीर सिंह पठानिया मौजूद थे। इन सभी नेताओं ने एक सुर में वर्तमान एडमिशन लिस्ट को पक्षपाती बताते हुए इसे रद्द करने और पारदर्शिता के साथ नई सूची जारी करने की मांग की है।

MBBS Seat Scandal: Outcry and LG Complaint Over Admissions at Vaishno Devi College




