
नई दिल्ली: बैंकिंग, मोबाइल सिम और सरकारी सब्सिडी से लेकर रोजमर्रा के लगभग हर डिजिटल काम के लिए आधार (Aadhaar) अनिवार्य हो चुका है। लेकिन आधार में मोबाइल नंबर अपडेट कराना अक्सर लोगों के लिए सिरदर्द बन जाता था। लंबी लाइनें, बार-बार डॉक्यूमेंट जमा करने की झंझट से अब राहत मिलने वाली है।
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) ने आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करने की प्रक्रिया को बेहद आसान, तेज और 100% पेपरलेस बना दिया है। अब आपको न कोई फॉर्म भरना होगा और न ही कोई डॉक्यूमेंट जमा करना होगा।
सिर्फ बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट से होगा काम
IPPB की इस नई सुविधा के तहत, आधार में मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए सिर्फ आपके बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट की जरूरत होगी। इसका मतलब है कि अब फॉर्म भरने या पहचान पत्र ले जाने की झंझट पूरी तरह खत्म हो गई है। यह प्रक्रिया चंद मिनटों में पूरी हो जाती है और आपका नंबर तुरंत आधार से लिंक कर दिया जाता है।

गांव-गांव तक पहुंची सुविधा
यह सुविधा सिर्फ शहरी डाकघरों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी उपलब्ध है। ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के माध्यम से गांव में रहने वाले लोग भी अपने घर के पास ही इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। यह प्रक्रिया 100% पेपरलेस है, जिससे लोगों का काफी समय बच रहा है।
बंद हो चुके नंबर वालों के लिए वरदान
यह नई सर्विस उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिनका पुराना मोबाइल नंबर बंद हो चुका है या खो गया है। ऐसे मामलों में आधार OTP न मिलने के कारण बैंकिंग, सिम वेरिफिकेशन, DBT और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण काम अटक जाते थे। IPPB की इस इंस्टेंट अपडेट सेवा से यह समस्या तुरंत हल हो जाएगी।
ऐसे बदलवाएं आधार में अपना मोबाइल नंबर (स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस)
स्टेप 1: आप अपने नजदीकी इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) या डाकघर में जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में आप अपने डाकिया (GDS) से भी इसके लिए संपर्क कर सकते हैं।
स्टेप 2: वहां मौजूद अधिकारी को अपना आधार नंबर और वह नया मोबाइल नंबर बताएं, जिसे आप लिंक करवाना चाहते हैं।
स्टेप 3: आपकी पहचान की पुष्टि के लिए बायोमेट्रिक मशीन पर आपका फिंगरप्रिंट (अंगूठा या उंगली) लिया जाएगा। यही आपका पूरा KYC है, इसके अलावा कोई फॉर्म या डॉक्यूमेंट नहीं मांगा जाएगा।
स्टेप 4: बायोमेट्रिक मैच होते ही आपका नया मोबाइल नंबर तुरंत आधार में अपडेट कर दिया जाएगा। अपडेट होते ही आपके नए नंबर पर एक कन्फर्मेशन SMS भी भेजा जाएगा। IPPB के मुताबिक, इस सेवा के लिए एक मामूली शुल्क (Nominal Fee) लिया जाता है।
View this post on Instagram


Aadhaar has become very easy








