You are currently viewing पति ने पत्नी पर फेंका तेजाब, 50% झुलसी महिला को फिर छत से दे दिया धक्का, पढ़ें ये दिल दहला देने वाला मामला

पति ने पत्नी पर फेंका तेजाब, 50% झुलसी महिला को फिर छत से दे दिया धक्का, पढ़ें ये दिल दहला देने वाला मामला

मंडी: देवभूमि हिमाचल के मंडी, जिसे ‘छोटी काशी’ के नाम से भी जाना जाता है, वहां से एक बार फिर तेजाब कांड (Acid Attack) का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां नगर निगम के पैलेस दो वार्ड स्थित सैन मोहल्ला में शनिवार देर शाम एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी पर तेजाब फेंक दिया और उसे छत से धक्का दे दिया।

इस जघन्य घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति नंदलाल घर की ऊपरी मंजिल में जाकर छिप गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़ित महिला को, जो 50 प्रतिशत तक झुलस चुकी है, पहले जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया, जहाँ से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, नंदलाल और उसकी पत्नी मूल रूप से धर्मपुर के छात्र निवासी हैं, लेकिन लंबे समय से मंडी में ही रहते हैं। नंदलाल की मंडी में दुकान है और महिला भी एक दुकान पर काम करती है।

पुलिस ने बताया कि दंपति के दो बच्चे (एक लड़का और एक लड़की) हैं। दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था और उनका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हुआ था।

शनिवार शाम को यह विवाद इतना बढ़ गया कि नंदलाल ने घर में रखा तेजाब पत्नी पर फेंक दिया और उसे छत से धक्का दे दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा खुद मौके पर पहुंचे। आरोपी पति घर के अंदर ही छिपा हुआ था। पुलिस को उसे पकड़ने के लिए दरवाजा तोड़ना पड़ा। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि तेजाब घर में बर्तन साफ करने के लिए रखा हुआ था।

एएसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित महिला को एम्स रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि मंडी जिले में इससे पहले भी तेजाब कांड के वीभत्स मामले सामने आ चुके हैं। साल 2004 में एक लड़के ने दो लड़कियों पर तेजाब फेंका था, जिसमें वे बुरी तरह झुलस गई थीं। वहीं, साल 2006 में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की बहन पर भी एक युवक ने तेजाब फेंका था।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Husband threw acid on wife