
श्रीनगर: शुक्रवार देर रात श्रीनगर का नौगाम पुलिस स्टेशन एक भीषण विस्फोट से दहल गया। धमाका इतना ज़ोरदार था कि थाने की इमारत का एक हिस्सा ढह गया और पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई। इस हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर समेत 10 लोगों की मौत की खबर है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में 27 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 24 पुलिसकर्मी शामिल हैं। पांच घायलों को सेना के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि शेष का इलाज श्रीनगर के अन्य अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस ने पहली नजर में इसे आतंकी हमला मानने से इनकार किया है और इसे एक “दुर्भाग्यपूर्ण हादसा” करार दिया है।
जांच के दौरान फटा विस्फोटक
यह भीषण धमाका रात करीब 11:15 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट फरीदाबाद से हाल ही में जब्त किए गए अमोनियम नाइट्रेट के कारण हुआ। यह विस्फोटक दिल्ली विस्फोट में लिप्त जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवात-उल-हिंद के पकड़े गए एक सफेदपोश आतंकी गिरोह से बरामद किया गया था।
जिस समय यह धमाका हुआ, उस वक्त फोरेंसिक (FSL) टीम, पुलिसकर्मी और एक तहसीलदार की मौजूदगी में इन विस्फोटकों का निरीक्षण कर उनके नमूने ले रहे थे। दावा किया जा रहा है कि धमाके के समय थाने की इमारत में डीएसपी रैंक के एक अधिकारी समेत करीब 50 लोग उपस्थित थे।
फरीदाबाद आतंकी नेटवर्क से जुड़े थे तार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरीदाबाद में पकड़े गए कश्मीरी आतंकी डॉ. मुजम्मिल के ठिकाने से 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया गया था। इसका कुछ हिस्सा एफएसएल लैब में था, जबकि बाकी को नौगाम थाने के माल गोदाम में रखा गया था। गौरतलब है कि अक्टूबर माह में इसी नौगाम क्षेत्र में जैश के पोस्टर दिखने के बाद इस सफेदपोश आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ था और यह थाना जांच का मुख्य केंद्र था।
14 किमी दूर तक सुनाई दी धमाके की गूंज
स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाका इतना ज़बरदस्त था कि इसकी आवाज़ लगभग 14 किलोमीटर दूर श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण थाने के आस-पास की कई इमारतों के खिड़कियों के कांच चटक गए।
धमाके के बाद थाने की इमारत में लगी आग की लपटें और मलबे का ढेर दूर तक दिखाई दे रहा था। पार्किंग स्थल में खड़े पुलिस व अन्य वाहन भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना मिलते ही दमकल कर्मी, पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी श्रीनगर, डीआईजी सेंट्रल कश्मीर रेंज और आईजी कश्मीर ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पूरे इलाके को घेर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
View this post on Instagram


Massive explosion at Srinagar police station




