You are currently viewing दिल्ली एयरपोर्ट पर ATC सर्वर ठप, 80 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित; हजारों यात्री परेशान- मैन्युअली हो रहा काम

दिल्ली एयरपोर्ट पर ATC सर्वर ठप, 80 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित; हजारों यात्री परेशान- मैन्युअली हो रहा काम

नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर शुक्रवार को विमान संचालन में बड़ी तकनीकी समस्या आ गई है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) का सर्वर डाउन हो गया है, जिसके कारण 80 से अधिक विमानों के संचालन में दिक्कत आ रही है। इस गड़बड़ी का असर घरेलू (डोमेस्टिक) और अंतरराष्ट्रीय (इंटरनेशनल) दोनों उड़ानों पर पड़ रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सर्वर सुबह से ही डाउन है। यह समस्या कल शाम को भी आई थी, जब सर्वर डाउन होने की वजह से 20 से अधिक विमानों को टेक ऑफ करने में समस्या का सामना करना पड़ा था।

एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक बयान जारी कर इस समस्या की पुष्टि की है। AAI ने लिखा, “दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन में ‘ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम’ (AMSS) में तकनीकी समस्या के कारण देरी हो रही है, जो एयर ट्रैफिक कंट्रोल डेटा का समर्थन करता है।”

अथॉरिटी ने बताया कि इस खराबी के कारण कंट्रोलर उड़ान योजनाओं (Flight Plans) को मैन्युअली प्रोसेस कर रहे हैं, जिससे कुछ देरी हो रही है। AAI ने कहा, “तकनीकी टीमें सिस्टम को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए काम कर रही हैं। हम सभी यात्रियों और संबंधित पक्षों की समझ और सहयोग की सराहना करते हैं।”

इस बड़ी तकनीकी खराबी के बाद स्पाइसजेट और एयर इंडिया जैसी एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। स्पाइसजेट ने ‘एक्स’ पर लिखा, “दिल्ली में एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) की भीड़ के कारण, सभी प्रस्थान/आगमन और उनसे संबंधित उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति पर नज़र रखें।”

विमान में सवार एक यात्री ने बताया कि उनका विमान आधे घंटे से ज़्यादा समय से रनवे पर इंतज़ार कर रहा था और चालक दल ने एटीसी सिस्टम में तकनीकी खराबी को ही देरी का कारण बताया। एयर इंडिया के चालक दल ने यात्रियों को सूचित किया कि “परिचालन जल्द ही सामान्य होने की उम्मीद है।” इस गड़बड़ी के कारण बोर्डिंग गेट पर भी भारी भीड़भाड़ हो गई।

यह घटना हवाईअड्डा अधिकारियों द्वारा इस सप्ताह की शुरुआत में आई इसी तरह की तकनीकी समस्या के बाद परिचालन सामान्य होने की घोषणा के महज दो दिन बाद हुई है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

ATC server down at Delhi airport