
हैदराबाद: खुद को तरोताजा रखने और पसीने की बदबू को दूर भगाने के लिए परफ्यूम और डियोड्रेंट का इस्तेमाल आम बात है। बाजार में अनगिनत खुशबुओं वाले परफ्यूम मौजूद हैं। कुछ लोग तो परफ्यूम का इस्तेमाल इतने ज्यादा अभ्यस्त होते हैं कि वे इसे पूरे शरीर पर लगा लेते हैं। लेकिन इस बीच यह सवाल भी तेजी से उठ रहा है कि क्या रोजाना और ज्यादा परफ्यूम लगाना कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को दावत दे सकता है?
इन दावों पर हैदराबाद के प्रसिद्ध ऑन्कोलॉजिस्ट (कैंसर विशेषज्ञ) डॉक्टर सादविक रघुराम ने खुलकर अपनी राय रखी है और इस भ्रम को दूर किया है।
यह बात किसी से छिपी नहीं है कि परफ्यूम को बनाने में अल्कोहल के साथ-साथ कई तरह के रसायनों (केमिकल्स) का इस्तेमाल किया जाता है, जो खुशबू को लंबे समय तक टिकाए रखते हैं। ऐसी कई रिपोर्ट्स सामने आई थीं जिनमें कहा गया कि डियोड्रेंट, जिन्हें खासकर अंडरआर्म्स में लगाया जाता है, स्तन (ब्रेस्ट) के पास होते हैं। इस कारण यह आशंका जताई गई कि इससे ब्रेस्ट कैंसर का खतरा बढ़ रहा है।

डॉक्टर सादविक रघुराम ने इन रिपोर्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर कई बार रिसर्च की जा चुकी है कि क्या डियो या परफ्यूम के इस्तेमाल से कैंसर होने का खतरा है, लेकिन अभी तक किसी भी रिपोर्ट में इस बात की सच्चाई सामने नहीं आई है और न ही ऐसा कोई प्रमाणित मामला आया है।
डॉक्टर के मुताबिक, “हमें यह पता होना चाहिए कि हम क्या इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन यह कहना पूरी तरह गलत है कि परफ्यूम लगाने से कैंसर होता है।” उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आप बिंदास होकर परफ्यूम का इस्तेमाल कर सकते हैं।
डॉक्टर रघुराम ने परफ्यूम के उपयोग को सुरक्षित मानते हुए भी इसके इस्तेमाल में कुछ महत्वपूर्ण सावधानियां बरतने की सलाह दी है, ताकि त्वचा संबंधी समस्याओं से बचा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया है कि परफ्यूम को कभी भी प्राइवेट पार्ट्स (गुप्तांगों) पर नहीं लगाना चाहिए, क्योंकि इसमें मौजूद केमिकल्स उस क्षेत्र की संवेदनशील त्वचा पर एलर्जी, रैशेस या तेज खुजली पैदा कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, बेहतर होगा कि डियो या परफ्यूम को सीधे त्वचा पर छिड़कने से बचें। सबसे सुरक्षित और प्रभावी तरीका यह है कि आप परफ्यूम को कपड़ों पर इस्तेमाल करें, जिससे महक लंबे समय तक बनी रहेगी और आपकी त्वचा किसी भी संभावित केमिकल रिएक्शन से बची रहेगी।
View this post on Instagram










