
जूनागढ़: गुजरात के जूनागढ़ से एक दिल दहला देने वाली और क्रूरतम घटना सामने आई है, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है। 15 साल के एक नाबालिग लड़के ने पुलिस के सामने जो कबूल किया है, वह रोंगटे खड़े करने वाला है। आरोपी ने पहले अपने बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या की, फिर डरी-सहमी 6 माह की गर्भवती भाभी के साथ बलात्कार किया और बाद में उसे भी भ्रूण समेत बेहद क्रूर तरीके से मार डाला।
इस दोहरे हत्याकांड को छिपाने में मदद करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी लड़के की मां को भी गिरफ्तार किया है। यह वारदात जूनागढ़ शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर एक गांव में हुई। पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है।
पुलिस जांच के अनुसार, यह जघन्य हत्याकांड 16 अक्टूबर को अंजाम दिया गया था और शुक्रवार को लाशों की बरामदगी के बाद इसका खुलासा हुआ। आरोपी लड़का एक डेयरी में काम करता था। वह अपने बड़े भाई से बेहद क्रोधित था, क्योंकि उसका भाई कथित तौर पर उसे पीटता था और उसके पैसे छीन लेता था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने लोहे के एक रॉड से अपने भाई के सिर पर तब तक वार किया, जब तक उसकी जान नहीं चली गई। पति की हत्या होते देख उसकी 6 महीने की गर्भवती भाभी बुरी तरह डर गई और अपनी जान की भीख मांगने लगी।
तब नाबालिग देवर ने उसके सामने शर्त रखी कि यदि वह उसके साथ संबंध बनाएगी तो वह उसे छोड़ देगा। लड़के ने अपनी गर्भवती भाभी के साथ रेप किया। हालांकि, इसके बाद उसे लगा कि भाभी उसका भेद खोल सकती है।
इसके बाद आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उसने अपनी भाभी के पेट पर घुटने से इतनी बेरहमी से वार किए कि 6 माह का भ्रूण गर्भाशय से बाहर आ गया, और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि जिस समय यह वारदात हुई, आरोपी की मां भी वहीं मौजूद थी। इस जघन्य अपराध के बाद, माँ ने लाशों को ठिकाने लगाने में अपने छोटे बेटे की मदद की। दोनों ने भाई-भाभी की लाशों को पांच फीट के गड्ढे में दबा दिया और उनके कपड़ों को जला दिया। पुलिस को दोनों लाशें नग्न अवस्था में मिलीं। पुरुष के सिर पर गंभीर चोटें थीं और महिला के शरीर से भ्रूण बाहर आया हुआ था।
इस दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश तब हुआ, जब बिहार के खगड़िया में रहने वाले मृतक महिला के मायकेवालों ने विसावदर पुलिस से संपर्क किया। बेटी से संपर्क न होने पर जब उन्होंने उसकी सास (आरोपी की मां) से बात की, तो उसने ‘दुर्घटना में मौत’ हो जाने की झूठी कहानी बताई।
जब मायकेवालों ने हादसे की तस्वीरें मांगीं, तो वह बहाने बनाने लगी। शक बढ़ने पर परिवार के कुछ सदस्य बिहार से सीधे गुजरात पहुंचे और पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने जब लड़के और उसकी मां से सख्ती से पूछताछ की, तो सारा सच सामने आ गया।
View this post on Instagram


A 15-year-old boy killed his brother




