
न्यूयॉर्क: आपने बेशकीमती पेंटिंग या सदियों पुरानी कलाकृतियों की नीलामी के बारे में तो खूब सुना होगा, लेकिन क्या कभी किसी टॉयलेट शीट की नीलामी की खबर सुनी है? लंदन में बनी एक बेहद कीमती और नायाब टॉयलेट शीट नीलामी के लिए पूरी तरह तैयार है, जो कि पूरी तरह ठोस सोने से बनी है।
इस अनूठी कलाकृति को मशहूर इटैलियन कलाकार मॉरिजियो कैटेलन ने बनाया है और व्यंग्यात्मक रूप से इसका नाम ‘अमेरिका’ रखा है। न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध सॉथबी नीलामी घर में इस गोल्ड टॉयलेट की नीलामी की जाएगी। इसकी शुरुआती कीमत ही 10 मिलियन डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में करीब 83 करोड़ रुपये रखी गई है।
जानकारी के मुताबिक, इस टॉयलेट शीट को बनाने में करीब 101 किलो सोने का इस्तेमाल किया गया है। सबसे खास बात यह है कि यह केवल एक डिजाइनर कलाकृति नहीं है, बल्कि यह एक पूरी तरह से फंक्शनल टॉयलेट है।

कलाकार कैटेलन के अनुसार, यह टॉयलेट अमीर-गरीब के फर्क को रेखांकित करता है और एक सामाजिक संदेश देता है। उनका कहना है कि यह कलाकृति बताती है कि अमीर लोगों और दिखावे की जिंदगी का कोई फायदा नहीं है, क्योंकि “टॉयलेट चाहे सोने का हो या फिर मिट्टी का, उसमें काम एक ही हो सकता है।”
यह गोल्ड टॉयलेट पहले भी कई बार सुर्खियां बटोर चुका है। 2016 में इसे न्यूयॉर्क के गगनहाइम म्यूजियम में आम लोगों के इस्तेमाल के लिए खोला गया था, जहाँ एक लाख से अधिक लोगों ने इसका उपयोग किया। इसके बाद 2019 में यह तब दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गया, जब इसे ब्रिटेन के ब्लेनहीम पैलेस में एक प्रदर्शनी में रखा गया और वहीं से यह चोरी हो गया। इतना ही नहीं, यह भी खबर थी कि कलाकार ने इसे व्हाइट हाउस में रखने के लिए तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ऑफर दिया था, जिसे ट्रंप ने ठुकरा दिया था।
इस टॉयलेट को बनाने वाले मॉरिजियो कैटेलन का नाम हमेशा से विवादों में रहा है। इससे पहले उन्होंने ‘कमीडियन’ नाम से एक केले को दीवार पर टेप से चिपकाकर बेच दिया था, जिसने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उनकी एक अन्य कलाकृति, जिसमें उन्होंने हिटलर को घुटनों पर बैठे हुए दिखाया था, 17.2 मिलियन डॉलर (लगभग 143 करोड़ रुपये) में बिकी थी।
View this post on Instagram


101 kg gold toilet to be auctioned




