You are currently viewing 1 नवंबर से होंगे 5 बड़े बदलाव: आधार अपडेट होगा आसान, SBI क्रेडिट कार्ड चलाना महंगा, जानें आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर

1 नवंबर से होंगे 5 बड़े बदलाव: आधार अपडेट होगा आसान, SBI क्रेडिट कार्ड चलाना महंगा, जानें आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर

नई दिल्ली: 1 नवंबर 2025 से देशभर में कई अहम नियम बदलने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। इन बदलावों में आधार कार्ड से लेकर बैंकिंग, गैस सिलेंडर और म्यूचुअल फंड तक सब शामिल हैं। अगर आप इन बदलावों से अपडेट नहीं रहे, तो आपको नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। आइए जानते हैं 1 नवंबर से लागू होने वाले 5 बड़े बदलावों के बारे में।

1. आधार अपडेट: अब घर बैठे बदलेगा नाम-पता
1 नवंबर से UIDAI ने आधार कार्ड अपडेट के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब आपको अपना नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर जैसी जरूरी जानकारी अपडेट कराने के लिए आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी, यह काम ऑनलाइन ही हो जाएगा। केवल बायोमेट्रिक जानकारी (फिंगरप्रिंट या आईरिस) के लिए ही केंद्र जाना होगा। नई व्यवस्था के तहत, UIDAI आपकी जानकारी को PAN, पासपोर्ट, राशन कार्ड और स्कूल रिकॉर्ड जैसे अन्य सरकारी डेटाबेस से स्वचालित रूप से सत्यापित (verify) करेगा। इससे मैन्युअल रूप से दस्तावेज़ अपलोड करने का झंझट खत्म हो जाएगा।

2. SBI क्रेडिट कार्ड चलाना होगा महंगा
अगर आप SBI क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो यह बदलाव सीधे आपकी जेब पर असर डालेगा। 1 नवंबर से अनसिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड पर 3.75% शुल्क लागू किया गया है। वहीं, अगर आप CRED, Mobikwik जैसे थर्ड-पार्टी ऐप्स से स्कूल या कॉलेज की फीस भरते हैं, तो उस पर 1% अतिरिक्त शुल्क लगेगा। हालांकि, स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट या POS मशीन से भुगतान पर कोई चार्ज नहीं लगेगा। इसके अलावा, ₹1,000 से अधिक वॉलेट लोड करने पर 1% शुल्क और कार्ड से चेक पेमेंट करने पर ₹200 का चार्ज देना होगा।

3. म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए नया नियम
निवेशकों के लिए भी 1 नवंबर से नए नियम लागू हो रहे हैं। SEBI (भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड) ने म्यूचुअल फंड्स में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए नियम के तहत, अगर किसी AMC (एसेट मैनेजमेंट कंपनी) के अधिकारी, कर्मचारी या उनके रिश्तेदार ₹15 लाख से अधिक का लेन-देन करते हैं, तो कंपनी को यह जानकारी अपने अनुपालन अधिकारी (compliance officer) को देनी होगी।

4. बैंक खाते में अब बना सकेंगे 4 नॉमिनी
बैंकिंग सिस्टम में 1 नवंबर से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। बैंकिंग लॉ (रिवीजन) एक्ट 2025 के तहत, ग्राहक अब अपने बैंक अकाउंट, लॉकर और सेफ कस्टडी के लिए चार लोगों तक को नॉमिनी बना सकेंगे। पहले यह सुविधा सिर्फ एक नॉमिनी तक सीमित थी। अब ग्राहक यह भी तय कर सकते हैं कि किस नॉमिनी को कितना हिस्सा देना है। यदि पहले नॉमिनी की मृत्यु हो जाती है, तो उसका हिस्सा स्वतः दूसरे नॉमिनी को ट्रांसफर हो जाएगा।

5. बदल सकती हैं LPG, CNG की कीमतें
हर महीने की पहली तारीख की तरह, 1 नवंबर को भी LPG, CNG और PNG की कीमतों में बदलाव हो सकता है। तेल कंपनियां सुबह नई दरें जारी करेंगी। इसी तरह CNG और PNG गैस की कीमतों में भी समायोजन किया जा सकता है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

5 major changes will happen from November 1