
सोनीपत: सोनीपत के गांव हरसाना में 5 अक्टूबर को यूट्यूबर पुष्पा की फांसी के फंदे पर मिले शव के मामले में पुलिस ने बड़ा पर्दाफाश किया है। जिसे पहली नजर में आत्महत्या माना जा रहा था, वह असल में एक सोची-समझी हत्या निकली। पुष्पा की मौत फांसी लगाने से नहीं हुई थी।
पुलिस ने खुलासा किया है कि पुष्पा की हत्या उसके ही यूट्यूबर प्रेमी संदीप ने की थी। पुलिस ने आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस जांच के अनुसार, जींद जिले की रहने वाली पुष्पा और यूट्यूबर संदीप के बीच दोस्ती थी। पुष्पा अपने पति को छोड़कर संदीप के साथ गांव हरसाना में उसके मकान में रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि पुष्पा लगातार संदीप पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन संदीप उससे लगातार शादी के लिए मना करता रहा।

पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद संदीप ने पहले पुष्पा का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद, हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसने पुष्पा के शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
मामले का खुलासा तब हुआ जब विसरा रिपोर्ट और डॉक्टर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि पुष्पा की मौत फांसी लगने से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई है। रिपोर्ट आते ही पुलिस ने संदीप को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, संदीप ने पहले तो कई बार बयान बदलकर गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार वह टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने बताया कि 5 अक्टूबर को हरसाना में पुष्पा का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद उसके साथी यूट्यूबर संदीप को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने कबूल किया है कि उसने ही हत्या की थी। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस जघन्य हत्याकांड में कोई और भी उसके साथ शामिल था या नहीं।
View this post on Instagram


Abandoning her husband, she was living with her lover Sandeep




