You are currently viewing ऑटो सेक्टर के लिए ‘संजीवनी’ बनी GST कटौती, शोरूम में उमड़ी भीड़, कंपनियों ने दर्ज की रिकॉर्डतोड़ बिक्री

ऑटो सेक्टर के लिए ‘संजीवनी’ बनी GST कटौती, शोरूम में उमड़ी भीड़, कंपनियों ने दर्ज की रिकॉर्डतोड़ बिक्री

नई दिल्ली: लंबे समय से सुस्ती की मार झेल रहे भारतीय ऑटोमोबाइल सेक्टर में सोमवार को नई जान आ गई। सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती और नवरात्रि के पहले दिन के शुभ संयोग ने ऐसा जादू किया कि कार कंपनियों के शोरूम में खरीदारों की सुनामी आ गई। मारुति सुजुकी से लेकर हुंडई तक, सभी प्रमुख कंपनियों ने एक ही दिन में बिक्री के अपने कई साल पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए।

जीएसटी कटौती लागू होने के पहले ही दिन देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने बिक्री का नया कीर्तिमान स्थापित किया। कंपनी के मुताबिक, सोमवार शाम तक ही 25,000 से ज्यादा गाड़ियां बिक चुकी थीं और दिन खत्म होने तक यह आंकड़ा 30,000 को पार कर गया। कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (सेल्स एंड मार्केटिंग) पार्थो बनर्जी ने बताया कि दिन भर में डीलर्स के पास लगभग 80,000 ग्राहकों ने पूछताछ की, जो अभूतपूर्व है। छोटी कारों की बुकिंग में 50 फीसदी का भारी उछाल देखा गया।

वहीं, हुंडई मोटर इंडिया ने भी पिछले पांच वर्षों में एक दिन की सबसे बेहतरीन बिक्री दर्ज की। कंपनी के सीओओ तरुण गर्ग ने बताया कि पहले ही दिन लगभग 11,000 वाहनों की बिक्री हुई। उन्होंने कहा, “नवरात्रि के शुभारंभ और जीएसटी सुधार के कारण बाजार में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है।”

कितनी सस्ती हुईं गाड़ियां?
सरकार ने छोटी कारों पर जीएसटी की दर को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। इस बड़े फैसले से 1200 सीसी तक के पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड, सीएनजी और एलपीजी इंजन वाली कारों की कीमतों में 40,000 रुपये से लेकर 1.2 लाख रुपये तक की भारी गिरावट आई है, जिसने ग्राहकों को शोरूम तक खींच लिया।

इंडस्ट्री ने किया फैसले का स्वागत
वाहन वितरकों के राष्ट्रीय संगठन फाडा (FADA) के अध्यक्ष सीएस विग्नेश्वर ने इस रुझान पर खुशी जताते हुए कहा, “हम सरकार के बहुत आभारी हैं कि उन्होंने दरें कम कीं। यह सुधार सिर्फ इस त्योहारी सीजन के लिए नहीं, बल्कि आने वाले कई वर्षों तक उद्योग के लिए लाभकारी साबित होगा।”

वाहन विनिर्माता कंपनियों के संगठन सियाम (SIAM) के महासचिव राजेश मेनन ने भी कहा कि जीएसटी दर में कटौती से उपभोक्ताओं का उत्साह बढ़ेगा और भारतीय वाहन क्षेत्र को नई रफ्तार मिलेगी।

सेकंड हैंड कारों की बिक्री में भी 400% का उछाल
नई गाड़ियों के साथ-साथ पुरानी गाड़ियों के बाजार में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म कार्स24 के अनुसार, नवरात्रि के पहले दिन दोपहर तक ही उनकी कार डिलीवरी में 400 फीसदी की रिकॉर्डतोड़ वृद्धि दर्ज की गई, जिसमें दिल्ली-एनसीआर सबसे आगे रहा।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

GST cut becomes ‘lifeline’