
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े चार लोगों को कुचल दिया, जिसमें तीन की दर्दनाक मौत हो गई और एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। यह भीषण हादसा मानिकपुर थाना क्षेत्र के मीर गढ़वा चौराहे के पास लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर रात करीब 8:25 बजे हुआ। पूरी घटना पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग हाईवे किनारे भुट्टा खा रहे थे, तभी प्रयागराज से लखनऊ की ओर जा रही एक स्विफ्ट कार (अनुमानित गति 100 किमी/घंटा) अचानक बेकाबू हो गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अनियंत्रित कार ने लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
देखें VIDEO-
इस हादसे में मधु प्रकाश सोनकर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अरविंद, शिल्पा और दिशा को पहले सीएचसी कालाकांकर ले जाया गया, जहाँ से उन्हें एम्स रायबरेली के लिए रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अरविंद और शिल्पा ने भी दम तोड़ दिया, जबकि दिशा की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस संबंध में सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने कार को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है और उन्होंने प्रशासन से हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
View this post on Instagram


high speed havoc




