
नई दिल्ली: दुनिया के सबसे लोकप्रिय एआई चैटबॉट में से एक, OpenAI के ChatGPT का इस्तेमाल करोड़ों लोग करते हैं। आम धारणा यह है कि इसका सर्वाधिक उपयोग कोडिंग के लिए किया जाता है, लेकिन कंपनी की एक नई और अब तक की सबसे बड़ी स्टडी ने इस धारणा को गलत साबित कर दिया है। स्टडी के अनुसार, कोडिंग नहीं, बल्कि तीन अन्य काम हैं जिनके लिए यूजर्स सबसे ज्यादा चैटजीपीटी पर निर्भर हैं।
OpenAI ने हार्वर्ड के अर्थशास्त्री डेविड डेमिंग के साथ मिलकर जारी किए एक वर्किंग पेपर में इस शोध के निष्कर्षों को साझा किया है। कंपनी ने यूजर्स की गोपनीयता बनाए रखते हुए 15 लाख लोगों की बातचीत का विश्लेषण किया और पाया कि चैटजीपीटी का उपयोग मुख्य रूप से तीन श्रेणियों में बांटा जा सकता है: पूछना (Asking), काम में सहायता (Doing), और खुद को व्यक्त करना (Expressing)।

स्टडी के नतीजों से पता चलता है कि लगभग 49% यूजर्स चैटजीपीटी का इस्तेमाल विभिन्न प्रकार के सवाल पूछने और जानकारी हासिल करने के लिए करते हैं। करीब 40% यूजर्स इसका सहारा अपने काम में सहायता के लिए लेते हैं, जैसे कि ईमेल लिखना, प्लानिंग करना या किसी विषय पर ड्राफ्ट तैयार करना। वहीं, 11% यूजर्स चैटजीपीटी का उपयोग खुद को व्यक्त करने, यानी व्यक्तिगत बातचीत और विचारों को साझा करने के लिए करते हैं।
यह शोध स्पष्ट करता है कि अधिकांश लोग चैटजीपीटी को एक सूचना स्रोत, एक राइटिंग असिस्टेंट और एक व्यक्तिगत संवाद पार्टनर के रूप में देख रहे हैं। कंपनी का कहना है कि इन निष्कर्षों से उन्हें यूजर्स की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने और भविष्य में चैटबॉट की क्षमताओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
View this post on Instagram


ChatGPT is not just for coding








