
रायपुर: छत्तीसगढ़ में हुए 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले के बाद साय सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश की सभी सरकारी शराब दुकानों पर अब पूरी तरह से कैशलेस व्यवस्था लागू की जाएगी। इसका मतलब है कि जल्द ही ग्राहक केवल ऑनलाइन भुगतान के जरिए ही शराब खरीद सकेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार में आबकारी विभाग का प्रभार मिलने के बाद मंत्री लखनलाल देवांगन ने विभाग की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए।
आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शराब दुकानों में 100 प्रतिशत भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही होना चाहिए, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके। इसके साथ ही, सभी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे और मुख्यालय से इन पर 24 घंटे सीधी निगरानी रखी जाएगी।

मंत्री ने शराब की अवैध बिक्री पर भी सख्त रुख अपनाने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को होटल-ढाबों, फार्म हाउस में होने वाली शराब पार्टियों और अवैध सेवन पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, मादक पदार्थों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर भी सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है। अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों पर भी सतर्कता बढ़ाने और विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कदम पिछली सरकार के कार्यकाल में हुए करीब 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले के मद्देनजर उठाया गया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में शराब की दुकानें सरकार खुद संचालित करती है।
View this post on Instagram


Now liquor will be available only through online




