
ग्रेटर नोएडा: कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव से बृहस्पतिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दहेज के लोभ में एक पति ने अपनी पत्नी निक्की को जिंदा जलाकर मार डाला। इस बर्बर घटना से पहले की गई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे देखकर हर किसी की रूह कांप गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
मृतका के परिजनों के अनुसार, उनकी भतीजी निक्की की शादी दिसंबर 2016 में सिरसा गांव के विपिन से हुई थी। शादी में स्कार्पियो गाड़ी समेत हैसियत से बढ़कर दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले 35 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर निक्की को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। शादी के नौ साल बाद भी उनकी दहेज की भूख खत्म नहीं हुई थी।

मृतका की बड़ी बहन कंचन, जिसकी शादी भी उसी घर में हुई थी, ने बताया कि बृहस्पतिवार को आरोपी पति विपिन और सास दया ने निक्की के साथ बेरहमी से मारपीट की। जब कंचन ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। मारपीट के दौरान निक्की बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी पति ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। शनिवार को मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर कासना कोतवाली का घेराव किया और हत्यारोपियों के खिलाफ फांसी जैसी सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि आरोपियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो समाज के लिए एक मिसाल बने।
एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि मृतका की बहन की शिकायत पर पति विपिन, जेठ रोहित, सास दया और ससुर सतवीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी पति विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है।
View this post on Instagram


The limits of brutality crossed




