
वाशिंगटन: अमेरिका ने एक बड़ा फैसला लेते हुए विदेशी ट्रक ड्राइवरों के लिए नए वीजा जारी करने पर रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध नए आवेदनों पर लागू होगा, जबकि पुराने वीजा धारकों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। अमेरिकी सरकार का यह कदम फ्लोरिडा में एक भारतीय मूल के ट्रक ड्राइवर द्वारा गलत यू-टर्न लेने के कारण हुए एक सड़क हादसे में तीन अमेरिकियों की मौत के बाद आया है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “तत्काल प्रभाव से, हम कमर्शियल ट्रक ड्राइवरों के लिए सभी वर्कर वीजा जारी करना बंद कर रहे हैं। विदेशी ड्राइवरों की बढ़ती संख्या अमेरिकी नागरिकों की जान को खतरे में डाल रही है और साथ ही अमेरिकी ट्रक ड्राइवरों की आजीविका को भी प्रभावित कर रही है।”

दरअसल, 13 अगस्त को अमेरिका के फ्लोरिडा में हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन अमेरिकी नागरिक मारे गए थे। जांच में पता चला कि भारतीय मूल के 28 वर्षीय ट्रक ड्राइवर हरजिंदर सिंह ने सड़क पर अचानक गलत यू-टर्न लिया, जिससे सामने से आ रही एक मिनी-वैन उनके ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में मिनी-वैन में सवार एक 30 वर्षीय युवक, 37 वर्षीय महिला और 54 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि हरजिंदर सिंह अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचा था। इस हादसे के बाद अमेरिका की दो प्रमुख पार्टियों, डेमोक्रेटिक पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी के बीच अवैध वीजा को लेकर बहस छिड़ गई। इस घटना के लिए दोनों पार्टियों ने एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया। ट्रंप प्रशासन ने इस हादसे के लिए सीधे तौर पर कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम को जिम्मेदार ठहराया, क्योंकि हरजिंदर सिंह कैलिफोर्निया में रह रहा था और उसने वहीं से अपना कमर्शियल लाइसेंस लिया था।
इसके जवाब में, गवर्नर गेविन न्यूसम के कार्यालय ने कहा कि हरजिंदर सिंह को वर्क परमिट ट्रंप के नेतृत्व वाली संघीय सरकार ने जारी किया था और कैलिफोर्निया ने केवल उसकी सुपुर्दगी में सहयोग किया है। यह पहली बार है जब किसी एक व्यक्ति की गलती के कारण पूरे ट्रक उद्योग पर इस तरह का व्यापक प्रभाव पड़ा है।
बता दें कि 2021 के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में ट्रक व्यवसाय से जुड़े विदेशी मूल के लोगों की संख्या 7.20 लाख तक पहुंच गई है, जिनमें से करीब 1.5 लाख ड्राइवर पंजाबी हैं।
View this post on Instagram


Big blow to Punjabis




