
फरीदाबाद: यूट्यूबर और बिग बॉस विजेता एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग के मामले में हरियाणा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार सुबह एक पुलिस मुठभेड़ के बाद मुख्य शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी निवासी इशांत उर्फ इशू गांधी के रूप में हुई है, जिसके पैर में गोली लगी है। इस हमले की जिम्मेदारी ‘भाऊ गैंग’ ने ली थी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 की टीम को शूटर इशू गांधी के फरीदपुर गांव के पास होने की सूचना मिली थी। जब पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ने की कोशिश की, तो उसने भागने के लिए पुलिस टीम पर अपनी ऑटोमेटिक पिस्टल से 6 से ज्यादा राउंड फायर कर दिए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली इशू गांधी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बता दें कि 17 अगस्त की सुबह गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित एल्विश यादव के घर के बाहर गोलीबारी हुई थी। इस वारदात में तीन शूटर शामिल थे, जिनमें से एक इशू गांधी भी था। घटना के बाद ‘भाऊ गैंग’ के दो बदमाशों, नीरज फरीदपुरिया और भाऊ रिटोलिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हमले की जिम्मेदारी लेते हुए लिखा था, “एल्विश यादव के घर पर जो गोली चली, वह हमने चलवाई है।”
‘भाऊ गैंग’ हरियाणा और पंजाब में फिरौती, धमकी, वसूली और हत्या जैसे संगीन अपराधों के लिए कुख्यात है। गैंग का मुख्य सदस्य नीरज फरीदपुरिया पलवल का रहने वाला है और उस पर हत्या व जबरन वसूली जैसे कई मामले दर्ज हैं। उसे 2015 में उम्रकैद की सजा हुई थी, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद वह विदेश भाग गया और वहीं से अपना आपराधिक नेटवर्क चला रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार शूटर से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
View this post on Instagram


Police got a big success in the firing




