
दौसा: राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में 7 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल हैं। हादसा तब हुआ जब खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर किया गया है। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के एटा जिले के रहने वाले थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के एटा निवासी श्रद्धालु खाटू श्याम जी के दर्शन करने के लिए राजस्थान आए थे। बुधवार सुबह जब वे दर्शन कर अपनी पिकअप गाड़ी से वापस लौट रहे थे, तो दौसा के पास उनकी गाड़ी की एक बड़े ट्रक (कंटेनर) से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसपी सागर राणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, “हमें खाटू श्याम मंदिर से आ रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। अब तक इस हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 7 बच्चे हैं। लगभग 11 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए दौसा जिला अस्पताल से जयपुर के एसएमएस अस्पताल में रेफर किया गया है।” पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों में से अधिकांश की पहचान कर ली गई है, जिनमें पूर्वी (3), प्रियंका (25), दक्ष (12), शीला (35), सीमा (25), अंशु (26) और सौरभ (35) शामिल हैं। अभी चार अन्य शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए लक्ष्य (5), नैतिक (6), रीता (30), नीलेश कुमारी (22), प्रियंका (19), सौरभ (28), और मनोज (28) का इलाज जयपुर के एक अस्पताल में चल रहा है।
View this post on Instagram

11 devotees died tragically




