You are currently viewing बिशप कॉटन स्कूल से 3 छात्र रहस्यमयी ढंग से लापता, अपहरण की आशंका; दिल्ली-हरियाणा तक अलर्ट

बिशप कॉटन स्कूल से 3 छात्र रहस्यमयी ढंग से लापता, अपहरण की आशंका; दिल्ली-हरियाणा तक अलर्ट

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के विश्व प्रसिद्ध बिशप कॉटन स्कूल (BCS) से छठी कक्षा के तीन छात्रों के अचानक लापता हो जाने से हड़कंप मच गया है। तीनों छात्र रक्षाबंधन के दिन (9 अगस्त) को स्कूल से आउटिंग पास पर माल रोड घूमने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहरण की आशंका जताते हुए केस दर्ज कर लिया है और छात्रों की तलाश के लिए एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लापता छात्रों में एक हिमाचल के कुल्लू, दूसरा पंजाब के मोहाली और तीसरा हरियाणा के करनाल का रहने वाला है। इनके नाम अंगद, हितेंद्र और विदांश बताए जा रहे हैं। तीनों दोस्त कल दोपहर करीब 12:09 बजे स्कूल से माल रोड के लिए आउटिंग गेट पास लेकर निकले थे। पास की समय सीमा शाम 5 बजे खत्म हो गई, लेकिन जब बच्चे कई घंटों तक वापस नहीं आए तो स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। शुरुआत में स्कूल प्रबंधन ने अपने स्तर पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर देर रात न्यू शिमला थाने में शिकायत दर्ज कराई।


शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। शिमला के एसएसपी संजीव कुमार गांधी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। शहर के चप्पे-चप्पे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी मनोज ने बताया कि तीनों बच्चे आखिरी बार स्कूल के मेन गेट के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखे थे, उसके बाद से उनकी कोई मूवमेंट दर्ज नहीं हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला पुलिस ने पड़ोसी राज्यों की पुलिस से भी संपर्क साधा है। एसएसपी गांधी ने बताया कि हरियाणा और दिल्ली पुलिस को भी अलर्ट पर रखा गया है और लापता बच्चों की जानकारी साझा की गई है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही तीनों छात्रों के परिजन शिमला पहुंच गए हैं और बेहद चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस को बताया है कि बच्चे घर भी नहीं पहुंचे हैं और उनके पास भी बच्चों को लेकर कोई सूचना नहीं है।

 

3 students mysteriously missing