
नई दिल्ली: भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग प्रणाली में पारदर्शिता लाने और दलाली पर लगाम कसने के उद्देश्य से कई बड़े बदलाव किए हैं। आज, यानी 15 जुलाई 2025 से, ऑनलाइन और काउंटर पर तत्काल टिकट बुक करने के लिए आधार-आधारित OTP वेरिफिकेशन को अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही आम यात्रियों को प्राथमिकता देने के लिए एजेंटों द्वारा टिकट बुकिंग पर शुरुआती 30 मिनट के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है।
आज से हर तत्काल टिकट पर OTP जरूरी
रेलवे द्वारा जारी नए नियमों के अनुसार, मंगलवार से IRCTC की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या कंप्यूटरीकृत PRS काउंटर से तत्काल टिकट बुक करने पर यात्री के आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर एक वन-टाइम पासवर्ड (OTP) भेजा जाएगा। इस OTP को दर्ज करने के बाद ही टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पूरी होगी। यह कदम फर्जी बुकिंग को रोकने और यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि टिकट वास्तविक यात्री को ही मिले।
इससे पहले, 1 जुलाई 2025 से ही IRCTC प्रोफाइल को आधार से लिंक और प्रमाणित करना अनिवार्य कर दिया गया था।
एजेंटों पर 30 मिनट की पाबंदी
आम यात्रियों को तत्काल टिकट बुकिंग के लिए एक बेहतर मौका देने के लिए, रेलवे ने अधिकृत एजेंटों पर बुकिंग के शुरुआती आधे घंटे के लिए रोक लगा दी है। नए नियम के तहत, एजेंट अब AC क्लास के लिए सुबह 10:00 बजे से 10:30 बजे तक और नॉन-AC (स्लीपर) क्लास के लिए सुबह 11:00 बजे से 11:30 बजे तक तत्काल टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। इस समय में केवल आम यात्री ही बुकिंग कर सकेंगे।
IRCTC पोर्टल से ऐसे बुक करें तत्काल टिकट
– सबसे पहले IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट (irctc.co.in) पर जाकर अपने अकाउंट में लॉग-इन करें।
– “Book Ticket” सेक्शन में जाकर अपने गंतव्य स्टेशन और यात्रा की तारीख चुनें।
– कोटा के ड्रॉपडाउन मेन्यू में ‘TATKAL’ का विकल्प चुनें और अपनी पसंदीदा ट्रेन पर क्लिक करें।
– यात्रियों की जानकारी जैसे नाम, उम्र, और लिंग सही-सही भरें।
– वेरिफिकेशन कोड और यात्री का मोबाइल नंबर दर्ज करें।
– सभी जानकारी की समीक्षा करने के बाद पेमेंट प्रक्रिया पूरी करें।
– आपके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, उसे दर्ज कर बुकिंग को अंतिम रूप दें।
View this post on Instagram

Everyone will get instant tickets from today








