
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल धर्मशाला के समीप इंद्रूनाग पैराग्लाइडिंग साइट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। टेंडम उड़ान भरते समय संतुलन बिगड़ने से एक पैराग्लाइडर खाई में जा गिरा, जिसमें गुजरात के एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि स्थानीय पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय सतीश भाई, पुत्र राजेश भाई, निवासी अहमदाबाद (गुजरात) के रूप में हुई है। घायल पायलट का नाम सूरज है, जो टऊ, धर्मशाला का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार दोपहर करीब 3:00 बजे हुआ। पायलट सूरज और पर्यटक सतीश भाई टेंडम फ्लाइट के लिए उड़ान भर रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों गहरी खाई में गिर गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं, विशेषकर सतीश के सिर पर गहरी चोट लगी थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तुरंत खाई से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। पर्यटक सतीश की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घायल पायलट सूरज का इलाज चल रहा है।
कांगड़ा के एएसपी हितेश लखनपाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को शाम करीब 4:00 बजे हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बात की भी जांच की जाएगी कि उड़ान के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह से पालन किया गया था या नहीं।
View this post on Instagram

paragliding turned into mourning




