You are currently viewing मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की मुश्किलें बढ़ीं, इस मामले में ACB ने जारी किया समन; पूछताछ के लिए बुलाया

मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की मुश्किलें बढ़ीं, इस मामले में ACB ने जारी किया समन; पूछताछ के लिए बुलाया

नई दिल्ली: दिल्ली के सरकारी स्कूलों में क्लासरूम निर्माण में भ्रष्टाचार के मामले में एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने बड़ा कदम उठाया है। एसीबी ने दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को पूछताछ के लिए समन भेजा है। सत्येंद्र जैन को 6 जून को जबकि मनीष सिसोदिया को 9 जून को एसीबी मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। दोनों ही नेता आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ सदस्य हैं।

गौरतलब है कि इस मामले में ‘आप’ नेता मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के खिलाफ बीते 30 अप्रैल को एफआईआर दर्ज की गई थी। अब एसीबी ने इस मामले में अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए दोनों पूर्व मंत्रियों को तलब किया है।

एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि यह समन सरकारी स्कूलों में 12,748 कक्षाओं के निर्माण में कथित 2,000 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोपों के संबंध में जारी किया गया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद यह पहली बार है जब दोनों नेताओं को एसीबी ने पूछताछ के लिए बुलाया है।

बता दें कि यह मामला लगभग 2000 करोड़ रुपये के अनुमानित घोटाले से जुड़ा है, जिसमें लगभग 12,748 क्लासरूम और अन्य इमारतों के निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप है।

एसीबी की जांच में यह बात सामने आई है कि क्लासरूम के निर्माण की लागत को अस्वाभाविक रूप से बढ़ाया गया। इसके अतिरिक्त, यह भी पाया गया कि क्लासरूम्स को स्थायी निर्माण के बजाय अर्ध-स्थायी संरचनाओं के रूप में बनाया गया। आरोप यह भी है कि जिन ठेकेदारों को यह ठेका दिया गया था, उनके संबंध ‘आप’ पार्टी से थे।

यह भी उल्लेखनीय है कि मनीष सिसोदिया पहले से ही कथित दिल्ली शराब नीति घोटाले में आरोपी हैं और इस मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। इसके बाद उन्हें उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हालांकि, सिसोदिया ने इन सभी आरोपों को निराधार और राजनीतिक साजिश करार दिया है।

Manish Sisodia and Satyendra Jain’s troubles increased