
तिरुवनंतपुरम: केरल सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए राज्य की सभी आंगनवाड़ियों में बच्चों के लिए अंडा बिरयानी और पुलाव परोसने का निर्णय लिया है। यह निर्णय तीन वर्षीय त्रिजल एस सुंदर के एक वायरल वीडियो के बाद लिया गया है, जिसमें वह आंगनवाड़ी में उपमा की जगह अंडा बिरयानी और पुलाव की मांग करता दिख रहा था।
दरअसल, 26 जनवरी को त्रिजल की मां ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें त्रिजल घर पर बिरयानी खाते हुए मासूमियत से कहता है कि उसे आंगनवाड़ी में उपमा नहीं, बल्कि बिरयानी और चिकन फ्राई चाहिए। उसकी मां ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया।
इस वीडियो पर संज्ञान लेते हुए राज्य की स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण मंत्री वीणा जॉर्ज ने त्रिजल की मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया था। मंगलवार को पठानमथिट्टा जिले में नए शैक्षणिक वर्ष के उद्घाटन के अवसर पर मंत्री ने आंगनवाड़ियों के लिए नया भोजन मेनू जारी किया।
मंत्री वीणा जॉर्ज ने इस अवसर पर कहा कि यह पहली बार है जब राज्य की सभी आंगनवाड़ियों के लिए एक समान भोजन सूची लागू की गई है। इस नए मेनू में बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नमक और चीनी की मात्रा को कम रखा गया है। साथ ही, बच्चों को स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए अंडा बिरयानी और पुलाव को भी शामिल किया गया है। इस फैसले से राज्य के लाखों बच्चों को फायदा मिलेगा।
View this post on Instagram

The innocent’s request has come true




