You are currently viewing बर्ड फ्लू से एक ही गांव में 900 मुर्गों की मौत, 1 KM एरिया की सभी मुर्गियों को मारने का फ़ैसला

बर्ड फ्लू से एक ही गांव में 900 मुर्गों की मौत, 1 KM एरिया की सभी मुर्गियों को मारने का फ़ैसला

नई दिल्ली : Bird Flu से महाराष्ट्र में 900 मुर्गियों की मौत हुई है। सोमवार को इसकी पुष्टि होने के बाद सूबा बर्ड फ्लू से प्रभावित देश का आठवां राज्य बन गया, जबकि राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में भी इसके केस पाए जाने के बाद यह फ्लू देश के कुल नौ बड़े हिस्सों (आठ सूबे और एक केंद्र शासित प्रदेश) तक पहुंच गया है। दिल्ली के पशुपालन विभाग ने बताया कि राजधानी में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। भोपाल प्रयोगशाला भेजे गए सभी आठ नमूनों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

महाराष्ट्र के परभणी जिले के कलेक्टर ने बताया कि मुरम्बा गाँव के एक किलोमीटर के दायरे में मुर्गी फार्मों में सभी पक्षियों को मारने के आदेश दिए गए हैं। 10 किलोमीटर के दायरे में बिक्री और खरीद पर पाबंदी लगाई । गांव के सभी लोगों का वायरस के लिए परीक्षण किया जा रहा है और एक मेडिकल टीम मौजूद भी है। तीन दिन पहले मुरुम्बा गांव में 800 मुर्गियों की बर्ड फ्लू के कारण मौत हो गई थी। जिला प्रशासन ने मृत मुर्गियों के खून के नमूने राष्ट्रीय प्रयोगशाला में भेजे थे। रिपोर्ट में पाया गया कि मुर्गियों की मौत बर्ड फ्लू से हुई है।

परभणी के जिले अधिकारी ने बताया कि बीते दिनों में मराठवाड़ा इलाके के मुरुम्बा गांव में करीब 900 मुर्गियां मरी हैं।उन्होंने बताया कि जिस पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों की मौत हुई है उसे स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) चलाता है।

केरल, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली – में बर्डफ्लू के मामलों की पुष्टि हुई है। हालाँकि केंद्र सरकार ने बर्ड फ्लू को ध्यान में रखते हुए सभी राज्य सरकारों को अलर्ट जारी कर दिया है।