
कराची: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में शुक्रवार देर रात आतंकवादियों ने एक दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। क्वेटा से लाहौर जा रही एक बस को रोककर आतंकियों ने पहचान पत्र देखने के बाद पंजाब के रहने वाले 9 यात्रियों को नीचे उतारा और उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह घटना झोब इलाके में नेशनल हाईवे पर हुई। सहायक आयुक्त नदीद आलम के अनुसार, हथियारबंद हमलावरों ने चलती बस को एक सुनसान जगह पर रोका। इसके बाद वे बस में चढ़े और सभी यात्रियों के पहचान पत्र चेक किए। जिन यात्रियों के पहचान पत्र से यह साबित हुआ कि वे पंजाब प्रांत के रहने वाले हैं, उन्हें बस से नीचे उतार लिया गया और फिर गोलियों से भून दिया गया। मारे गए सभी लोग पंजाब प्रांत के निवासी थे और लाहौर जा रहे थे। प्रशासन ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चिंता की बात यह है कि यह अकेली घटना नहीं थी। शुक्रवार रात को ही बलूचिस्तान के क्वेटा, लोरालाई और मस्तुंग जिलों में भी चरमपंथियों ने कई ठिकानों पर सिलसिलेवार हमले किए। इन हमलों में पुलिस थानों, सरकारी इमारतों, बैंकों और मोबाइल टावरों को निशाना बनाया गया।
हालांकि, बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने दावा किया है कि सुरक्षा बलों ने अधिकांश हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया है और इनमें कोई जनहानि नहीं हुई है। लेकिन मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ये हमले काफी सुनियोजित और भयावह थे।
फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन जिस तरह से पीड़ितों की पहचान करके उन्हें निशाना बनाया गया है, उससे शक की सुई बलूच अलगाववादी संगठनों की ओर जा रही है, जो पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।
View this post on Instagram

9 Punjabis were shot dead




