जालंधरः लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में रविवार को पंजाब की सभी 13 सीटों पर मतदान शुरू हो गया। गर्मी के बीच लोगों में भारी जोश है। और दोपहर तीन बजे तक जालंधर लोकसभा क्षेत्र में 39.76 फीसद वोटिंग दर्ज की गई है। 48.09 फीसद वोटिंग के साथ आदमपुर विधानसभा हलका मतदान में सबसे आगे चल रहा है। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।
उधर, लड़ोई गांव में कांग्रेस और अकाली दल के वर्करों में भिड़ंत हो गई है। वर्कर एक-दूसरे के पोलिंग स्टॉल पर तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। गांव लड़ोई के कांग्रेसी नेता नंबरदार जरनैल सिंह ने बताया कि उनका हर चुनाव में इस मोड़ पर बूथ लगाया जाता है। इस बार भी गांव के उसी मोड़ पर अपनी पार्टी का बूथ लगाया गया था। हम लोग केवल मशीन चेक करने गए थे कि पीछे से गांव के ही पूर्व पटवारी कुलविंदर सिंह व उसके साथियों ने टेंट उखाड़ना शुरू कर दिया। जब आकर उससे पूछा तो उसने गालीगलौज शुरू कर दी। उनसे हाथापाई हुई और फिर उन्होंने दोबारा अपना टेंट लगा लिया।
दूसरी तरफ सरपंच सुखविंदर सिंह सोडा ने बताया कि वह खुद तो मौके पर मौजूद नहीं थे लेकिन उनके द्वारा लगाए गए अकाली दल के बूथ पर उनके कार्यकर्ता बैठे गांव तीन चार कांग्रेसी आए और बूथ से टेबल और कागज उठाकर फेंकने लगे । इसके बाद पूर्व पटवारी कुलविंदर सिंह के साथ हाथापाई हुई। गांव के लोगों ने बीच-बचाव किया। दोनों पक्षो ने पुलिस को शिकायत की है। एसएसपी नवजोत सिंह माहल का कहना था कि विवाद ज्यादा नहीं भड़का, समय रहते स्थिति संभाल ली गई।
कई जगह ईवीएम में हुई गड़बड़ीः इस बीच कई बूथों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी की खबरें आ रही हैं। बूथ नंबर 154 सरकारी एलीमेंट्री स्कूल वडिंग में करीब 45 मिनट ईवीएम खराब रही। वोट डालने पहुंचे लोगों ने बटन दबाने के बाद एरर आने की शिकायत दर्ज करवाई जिसके बाद मशीन को बदला गया। वहीं, तुलसी एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बूथ नंबर 97 में मशीन खराब होने की जानकारी मिली है। मिट्ठू बस्ती के पोलिंग स्टेशन में अभी तेजी नहीं आई है, इस बूथ पर जेपी नगर हरबंस नगर न्यू हरबंस नगर के मतदाता वोट डालते हैं।
बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने फिल्लौर में कांग्रेस उम्मीदवार संतोष सिंह चौधरी के बेटे विक्रमजीत सिंह चौधरी का काली झंडियां दिखाकर विरोध किया और नारेबाजी की। उधर, फिल्लौर के गांव ठंडा कला में पहुंचे विक्रमजीत सिंह चौधरी ने आरोप लगाया कि पोलिंग अफसरों ने उनके अधिकारिक पोलिंग एजेंट को बूथ के अंदर नहीं बैठने दिया।




