लुधियाना: महानगर के मोती नगर इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का खौफनाक मामला सामने आया है। मृतक की पहचान चाप की दुकान पर काम करने वाले जयदीप सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने कुछ युवकों पर रंजिश के चलते नशे की ओवरडोज का इंजेक्शन लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
काम पर जाने का कहकर घर से निकला था जयदीप
मृतक युवक की बहन ने बताया कि जयदीप रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह काम पर जा रहा है। परिवार वालों को भनक भी नहीं थी कि वह अब कभी लौटकर नहीं आएगा। घर से निकलने के कुछ ही देर बाद पड़ोसियों ने परिजनों को सूचना दी कि जयदीप मोती नगर इलाके में सड़क किनारे बेसुध हालत में पड़ा हुआ है।
‘पुलिस को नाम बताया तो जान से मार देंगे’
सूचना मिलते ही बदहवास परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि जब वे वहां पहुंचे तो मौके पर मौजूद 2-3 युवकों ने उन्हें सरेआम धमकाया। दबंगों ने धमकी दी कि अगर उन्होंने पुलिस को उनके नाम बताए तो वे परिवार को जान से मार देंगे। मृतक के परिजनों का सीधा आरोप है कि इन्हीं युवकों ने साजिश के तहत जयदीप को नशे की ओवरडोज का इंजेक्शन लगाया है।
घर पहुंचते ही शरीर पड़ा ठंडा, नाक से निकलने लगी झाग
परिवार वालों ने बताया कि मौके पर जयदीप बिल्कुल बेसुध हालत में था। वहां मौजूद कुछ लोगों की मदद से उसे पहले पेड़ के सहारे बैठाया गया और फिर एक ऑटो में डालकर घर लाया गया। लेकिन घर पहुंचते ही उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। उसका शरीर अचानक ठंडा पड़ने लगा और कुछ ही देर में नाक से झाग निकलने लगी, जिसके बाद उसकी दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि जयदीप पहले नशा करता था, लेकिन अब वह पूरी तरह से सुधर कर मेहनत-मजदूरी करने लगा था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस घटना के बाद जयदीप का शव सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया है। मृतक अपने पीछे एक भाई और बहन को छोड़ गया है। थाना मोती नगर की पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Young Man Dies in Agony from Drug Overdose in Punjab; Jaideep Had Left Home Saying








