You are currently viewing ‘तूने 40 गोलियों की बात की, हम 4 हजार चलाएंगे’, खालिस्तानी आतंकी पम्मा की गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को खुली धमकी

‘तूने 40 गोलियों की बात की, हम 4 हजार चलाएंगे’, खालिस्तानी आतंकी पम्मा की गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को खुली धमकी

लंदन: विदेशों में बैठे खालिस्तानी आतंकियों और गैंगस्टरों के बीच का विवाद अब हिंसक टकराव के मुहाने पर पहुंच गया है। ब्रिटेन (UK) में शरण लिए बैठे खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह पम्मा ने कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को सीधे तौर पर जान से मारने की खुली धमकी दी है। पम्मा ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि गोल्डी बराड़ ने बातचीत के बहाने कॉल रिकॉर्डिंग लीक कर दी। उसने कनाडा में मारे गए खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर के कत्ल का जिम्मेदार गोल्डी को ठहराते हुए चेतावनी दी कि उसे इसका गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा।

‘पूरे शरीर को गोलियों से छलनी कर देंगे’
परमजीत सिंह पम्मा ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को सुरक्षा एजेंसियों का एजेंट करार देते हुए कहा कि निज्जर को मरवाकर उसने बहुत बड़ी गलती की है। पम्मा ने तल्ख लहजे में कहा कि गोल्डी बराड़ 40 गोलियां मारने की बात करता है, लेकिन वे उस पर 4 हजार गोलियां चलाकर उसके पूरे शरीर को छलनी कर देंगे। उसने साफ कहा कि निज्जर के कत्ल का पाई-पाई हिसाब गोल्डी बराड़ से चुकता किया जाएगा।

NIA की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है आतंकी पम्मा
धमकी देने वाले परमजीत सिंह पम्मा को भारतीय गृह मंत्रालय (MHA) ने जुलाई 2020 में गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत आधिकारिक तौर पर आतंकवादी घोषित किया था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की मोस्ट वांटेड सूची में शुमार पम्मा का संबंध आतंकी संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) से है, जिससे हरदीप सिंह निज्जर भी जुड़ा हुआ था। वहीं दूसरी तरफ, अमेरिका-कनाडा में छिपे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ मिलकर मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के चर्चित हत्याकांड को अंजाम दिलवाया था।

आतंकी पन्नू भी पहले दे चुका है गोल्डी को अंजाम भुगतने की धमकी
खालिस्तानी नेटवर्क और गैंगस्टर्स के बीच यह टकराव काफी गहराता नजर आ रहा है। पम्मा से पहले सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी गोल्डी बराड़ को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। पन्नू ने कहा था कि गोल्डी भले ही अमेरिकी एफबीआई, कनाडाई सुरक्षा बलों या वहां की अदालतों से बच निकले, लेकिन वह उनके बदले से बच नहीं पाएगा। लगातार सामने आ रही इन धमकियों ने साफ कर दिया है कि विदेशों में पनाह लिए आतंकी और गैंगस्टर्स अब अपने ही जाल में फंसकर आपस में खूनी खेल की ओर बढ़ रहे हैं।

“You spoke of 40 bullets; we will fire 4,000″—Khalistani terrorist Pamma’s open threat to Goldy Brar.