लुधियाना: लुधियाना से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी और सास से तंग आकर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। मरने से पहले युवक ने एक डायरी में महज पांच लाइनों का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी खौफनाक मौत के लिए सीधे तौर पर अपनी पत्नी और सास को जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट के शब्द इतने भावुक हैं कि किसी का भी दिल पसीज जाए, जिसमें युवक ने साफ लिखा है कि वह मरना नहीं चाहता था लेकिन उसे जान देने के लिए मजबूर कर दिया गया।
डायरी के पन्नों में दर्ज किया मौत का असली कारण
घटना की सूचना मिलने के बाद जब पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची, तो वहां से एक डायरी बरामद हुई। इस डायरी के दो पन्नों पर युवक का दर्द छलका हुआ था। सुसाइड नोट में युवक ने लिखा है, “मैंने मरना नहीं था। मेरी घरवाली ने मरने के लिए मुझे मजबूर कर दिया है। मेरी मौत की जिम्मेदार काजल और उसकी मां होगी।” डायरी के दूसरे पन्ने पर भी उसने इसी बात को दोहराते हुए अपनी पत्नी काजल और सास को ही अपनी जान जाने का कारण बताया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक ने जिस युवती से शादी की थी, वह पहले से तलाकशुदा थी।
सास की दखलअंदाजी ने उजाड़ा घर, 6 महीने की बच्ची संग मायके में थी पत्नी
इस पूरे दुखद मामले में मृतक की मां ने अपनी बहू और उसकी मां पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की मां का कहना है कि बेटे की शादीशुदा जिंदगी में उसकी सास की बहुत ज्यादा दखलअंदाजी थी, जिसकी वजह से पति-पत्नी के रिश्ते में हमेशा खटास बनी रहती थी और बात लगातार बिगड़ती गई। तनाव इस कदर बढ़ गया था कि मृतक की पत्नी काजल पिछले दो महीने से अपनी 6 महीने की मासूम बच्ची को लेकर अपने मायके (ससुराल) में ही जाकर बैठ गई थी। इसी भारी मानसिक तनाव और पारिवारिक कलह के चलते युवक ने हार मान ली और मौत को गले लगा लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश तेज
सुसाइड नोट बरामद होने और मृतक की मां के बयानों के आधार पर पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है। पुलिस ने युवक को खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में पत्नी काजल और उसकी मां के खिलाफ तुरंत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फिलहाल दोनों आरोपी महिलाओं की तलाश में छापेमारी जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Writing a suicide note in his diary, a young man hangs himself; the mystery behind his death is revealed








