You are currently viewing नगर कौंसिल दफ्तर पर विजिलेंस का छापा, पार्षद और स्थानीय लोगों की लिखित शिकायत पर हुई कार्रवाई

नगर कौंसिल दफ्तर पर विजिलेंस का छापा, पार्षद और स्थानीय लोगों की लिखित शिकायत पर हुई कार्रवाई

लुधियाना: जिले के कस्बा समराला स्थित नगर कौंसिल दफ्तर में बुधवार को विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों ने अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। विजिलेंस टीम ने विकास कार्यों में कथित अनियमिताओं और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए दफ्तर से कई अहम रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिए हैं। सीवीओ बलविंदर सिंह के नेतृत्व में पहुंची इस टीम ने विभिन्न विकास कार्यों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

इस छापेमारी के संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस के सीवीओ बलविंदर सिंह ने बताया कि शहर के एक पार्षद और संबंधित वार्ड के निवासियों ने विभाग को लिखित शिकायत दी थी। इस शिकायत में मुख्य रूप से एक वार्ड में बनी गली के निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं और घटिया क्वालिटी का मटेरियल इस्तेमाल करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे। लोगों की इसी शिकायत को संज्ञान में लेते हुए विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का जायजा लिया और संबंधित दस्तावेजों के साथ-साथ निर्माण के तकनीकी पहलुओं की भी गहन पड़ताल की।

जांच के दौरान टीम ने नगर कौंसिल से निर्माण से जुड़े सभी जरूरी बिल और फाइलें अपने कब्जे में ले ली हैं। सीवीओ बलविंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों और मौके की जांच पूरी होने के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर पंजाब सरकार को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है, तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विजिलेंस की इस अचानक हुई कार्रवाई से नगर कौंसिल कार्यालय में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है।

Vigilance raid on Municipal Council office, action taken on written complaint of councillor and local people