नई दिल्ली: पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मुश्किलें अचानक बढ़ गई हैं। पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री स्वर्गीय सरदार बूटा सिंह पर चुनावी रैली के दौरान कथित अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणी करने के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने पंजाब पुलिस को राजा वड़िंग समेत सभी आरोपियों को 5 दिनों के भीतर गिरफ्तार कर स्टेटस रिपोर्ट सौंपने की सिफारिश की है।
आयोग की सुनवाई में जांच में देरी पर जताई गंभीर नाराजगी
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना की अध्यक्षता में हुई सुनवाई के दौरान यह कड़ा आदेश दिया गया। इस दौरान शिकायतकर्ता व बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह के अलावा पंजाब पुलिस के डीएसपी हरप्रीत सिंह और डीएसपी गुलजार सिंह भी उपस्थित रहे। आयोग ने मामले की जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और एक्शन टेकन रिपोर्ट में हो रही देरी पर गहरी चिंता व्यक्त की। आयोग ने यह भी निर्देश दिया कि जांच अधिकारी की लापरवाही की जांच की जाए और अगर किसी स्तर पर ढिलाई पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कानूनी व विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाए।
चुनावी जनसभा में दिया था विवादित बयान
यह पूरा विवाद तरनतारन उपचुनाव के दौरान एक जनसभा से जुड़ा है, जहां राजा वड़िंग ने पूर्व गृह मंत्री बूटा सिंह के रंग और पृष्ठभूमि को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की थी। वड़िंग के इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों ने कड़ा विरोध जताया था। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद राजा वड़िंग ने बूटा सिंह को पिता तुल्य बताते हुए माफी भी मांगी थी, लेकिन मामले में एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद कार्रवाई की तलवार लटक रही थी।
अदालत का रुख कर सकते हैं राजा वड़िंग
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के इस सख्त रुख के बाद राजा वड़िंग कानूनी राहत के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं। कानूनी जानकारों के मुताबिक, वे आयोग की सिफारिशों और गिरफ्तारी के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दे सकते हैं और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट का रुख भी कर सकते हैं। वहीं, आयोग ने शिकायतकर्ता सरबजोत सिंह को मिल रही कथित धमकियों के मद्देनजर उन्हें व उनके परिवार को पंजाब व दिल्ली में पर्याप्त पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने के भी निर्देश दिए हैं।


Trouble mounts for Punjab Congress chief Raja Warring; SC Commission orders his arrest




