मोहाली: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और मोहाली स्थित पीसीए क्रिकेट स्टेडियम को बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर आए इस धमकी भरे मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस महकमा तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया है। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते (BDDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने स्टेडियम सहित सीएम से जुड़े महत्वपूर्ण परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
‘स्टेडियम में मैच देखने न जाएं, वहां चलेगा बम’
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा ई-मेल सुबह करीब 10:20 बजे भेजा गया था। मेल में चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि 13 सितंबर तक कोई भी व्यक्ति पीसीए स्टेडियम में क्रिकेट मैच देखने न जाए। मेल में भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करते हुए इसे ‘आईफोन एंड्रायड बम’ से उड़ाने का दावा किया गया है। उल्लेखनीय है कि इसी स्टेडियम में बीते दिन पंजाब सरकार द्वारा आईपीएल की तर्ज पर शुरू किए गए ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट’ का आगाज हुआ है।
साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां जांच में जुटीं
धमकी सामने आने के बाद पीसीए स्टेडियम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा का कड़ा पहरा लगा दिया गया है। प्रवेश द्वारों पर दर्शकों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। साइबर सेल की टेक्निकल टीम ई-मेल के आईपी एड्रेस (IP Address) और ओरिजिन को ट्रेस करने में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह शरारती तत्वों की हरकत है या इसके पीछे किसी आतंकी संगठन का हाथ है। अधिकारियों के मुताबिक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।


Threat to blow up CM Mann and Mohali PCA Stadium; email warns against attending match by September 13




