
लुधियाना: पंजाब के औद्योगिक केंद्र लुधियाना में आतंकी हमले की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। करीब 3 से 4 दिन पहले मिली इस धमकी के बाद जिला पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी है और शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इसे ‘रूटीन चेकिंग’ बता रहे हैं, लेकिन चप्पे-चप्पे पर की गई तैनाती किसी बड़ी आशंका की ओर इशारा कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ आतंकी संगठनों ने ईमेल या फोन के जरिए शहर की सरकारी इमारतों को निशाना बनाने की धमकी दी है। इस खुफिया जानकारी के बाद पिछले दो-तीन दिनों से शहर में सुरक्षा अभूतपूर्व रूप से बढ़ा दी गई है। हालांकि, किसी भी वरिष्ठ अधिकारी ने अभी तक इस धमकी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

खतरे को देखते हुए, पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में विशेष नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी है और पुलिस गश्त भी बढ़ा दी है। कई सरकारी कार्यालयों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इनमें मुख्य रूप से जगराओं पुल, मुख्य डाकघर, बीएसएनएल बिल्डिंग, डीआईजी कोठी, सर्किट हाउस और फिरोजपुर रोड पर बने एलिवेटेड ब्रिज शामिल हैं।
पुलिस ने हाईवे पर स्थित पुलिस थानों को अतिरिक्त सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इनमें सलेम टाबरी, लाडोवाल, डिवीजन नंबर-6, साहनेवाल, डेहलों, डिवीजन नंबर-5, जमालपुर और मेहरबान समेत कई चौकियां शामिल हैं, जहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
View this post on Instagram


Threat of terrorist attack in Ludhiana




