You are currently viewing इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड की इस गैंग ने ली जिम्मेदारी, पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग; बाइक सवार हमलावरों ने बनाया था निशाना

इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड की इस गैंग ने ली जिम्मेदारी, पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग; बाइक सवार हमलावरों ने बनाया था निशाना

अमृतसर: अमृतसर में मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मधुसूदन उर्फ मैड संधू की शनिवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात लोहारका रोड के पास हुई, जहां बाइक सवार दो हमलावरों ने कथित तौर पर उन पर फायरिंग की। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाइक सवार हमलावरों ने बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, मैड संधू अपनी कार धुलवाने के लिए एक कार वॉश सेंटर पहुंचे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक उन्हें दो गोलियां लगीं। घटना के बाद सामने आए कथित वीडियो में संधू सड़क पर घायल हालत में दिखाई दे रहे हैं और उनके साथी उन्हें उठाकर अस्पताल ले जाते नजर आ रहे हैं।

गोल्डी ढिल्लों और जग्गा की पोस्ट से मचा हड़कंप
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर गोल्डी ढिल्लों और जग्गा तरनतारन के नाम से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें दोनों ने कथित तौर पर वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में संधू पर नई पीढ़ी को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए उनके समर्थकों और ऐसे लोगों को चेतावनी दी गई जो उन्हें स्कूलों या संस्थानों में आमंत्रित करते हैं। हालांकि, इस पोस्ट की पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर पहले भी विवाद
मैड संधू सोशल मीडिया पर मेकअप, फैशन और जेंडर से जुड़े मुद्दों पर खुलकर कंटेंट बनाते थे। उनके इंस्टाग्राम पर दो लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। उनके कंटेंट और पहनावे को लेकर पहले भी सोशल मीडिया पर आलोचना और विवाद सामने आए थे। पुलिस जांच में यह पहलू भी देखा जा रहा है कि क्या पुरानी धमकियों या विवादों का हत्या से कोई संबंध था।

पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग
अमृतसर पुलिस ने हत्या के मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने मामले में कुछ अहम सुराग मिलने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।

हत्या पर गरमाई सियासत
मैड संधू की हत्या के बाद पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने घटना को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर सवाल उठाए हैं और जवाबदेही की मांग की है। अमृतसर सांसद गुरजीत सिंह औजला और कांग्रेस नेता राज कुमार वेरका ने भी सरकार की आलोचना की है। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह, हमलावरों की पहचान और सोशल मीडिया पर सामने आई जिम्मेदारी वाली पोस्ट- तीनों पहलुओं की जांच कर रही है।

This gang has claimed responsibility for the murder of influencer Mad Sandhu, and police have found crucial clues