You are currently viewing पंजाब में चोरों के हौसले बुलंद: घर के बाहर खड़ी बाइक मास्टर चाबी लगाकर उड़ाई, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

पंजाब में चोरों के हौसले बुलंद: घर के बाहर खड़ी बाइक मास्टर चाबी लगाकर उड़ाई, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

लुधियाना: महानगर में वाहन चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला लुधियाना के न्यू जनता नगर इलाके का है, जहां बेखौफ चोरों ने एक घर के बाहर खड़ी बाइक पर हाथ साफ कर दिया। शिमलापुरी थाना क्षेत्र में हुई यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दो युवक बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दो अज्ञात युवक गली में खड़ी बाइक के पास पहले कुछ देर तक संदिग्ध अवस्था में घूमते हैं और रेकी करते हैं। जैसे ही उन्हें मौका मिलता है, वे मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर बाइक का लॉक खोलकर उसे स्टार्ट कर लेते हैं और पलक झपकते ही वहां से फरार हो जाते हैं। पीड़ित मनप्रीत सिंह ने बताया कि वह एक फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर का काम करते हैं और उनका परिवार लंबे समय से इसी मोहल्ले में रह रहा है। उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से करीब डेढ़ महीने पहले ही यह पुरानी बाइक खरीदी थी, लेकिन चोरों ने उसे भी नहीं बख्शा।

घटना की सूचना मिलते ही थाना शिमलापुरी पुलिस हरकत में आ गई है। जांच अधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। चोरी हुई बाइक सिल्वर रंग की है, जिसका नंबर PB-10-GT-9846 है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

Thieves are becoming increasingly brazen in Punjab: A motorcycle parked outside a house was stolen using a master key