You are currently viewing चोर की करतूत: पहले गुरुद्वारे में टेका माथा, फिर पार्किंग से बाइक उड़ाकर हुआ फरार; 7 सेकंड में तोड़ा लॉक

चोर की करतूत: पहले गुरुद्वारे में टेका माथा, फिर पार्किंग से बाइक उड़ाकर हुआ फरार; 7 सेकंड में तोड़ा लॉक

लुधियाना: श्री गुरुद्वारा फेरुमान साहिब में आस्था और अपराध का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहाँ एक शातिर चोर ने चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले गुरु घर में जाकर बकायदा नतमस्तक होकर माथा टेका। इसके बाद वह बाहर आया और पार्किंग में खड़ी एक बाइक चोरी कर फरार हो गया। यह पूरी घटना गुरुद्वारा साहिब में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी की यह करतूत साफ दिखाई दे रही है।

रेलवे कॉलोनी के रहने वाले पीड़ित सेवा सिंह ने बताया कि वह प्रतिदिन शाम को गुरुद्वारा साहिब में दर्शन करने आते हैं। रविवार शाम करीब 7 बजे भी वह अपनी दिनचर्या के अनुसार आए और बाइक को गुरुद्वारा साहिब के बाहर पार्किंग में खड़ा कर दिया। जब वह माथा टेककर वापस लौटे, तो उनकी बाइक वहां से गायब थी। आस-पास तलाशने के बाद जब बाइक नहीं मिली, तो उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधकों से सीसीटीवी फुटेज चेक करने का आग्रह किया।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोर की चालाकी और बेखौफ अंदाज सामने आया। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी पहले पार्किंग में आकर रेकी करता है। इसके बाद वह गुरुद्वारा साहिब के अंदर जाकर परिक्रमा करता है और नतमस्तक होता है। माथा टेकने के बाद वह वापस पार्किंग में आता है और सीधे बाइक के पास जाता है। उसने अपनी जेब से चाबी निकाली और बाइक का लॉक खोलने की कोशिश की। पहली चाबी से लॉक नहीं खुला, तो उसने दूसरी चाबी का इस्तेमाल किया, जिससे लॉक खुल गया। महज 7 सेकंड के भीतर उसने लॉक तोड़ा और बाइक लेकर रफूचक्कर हो गया।

सेवा सिंह ने घटना की सूचना थाना डिवीजन नंबर छह की पुलिस को दे दी है और सीसीटीवी फुटेज भी साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध करा दी है। पुलिस ने अभी इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है, लेकिन शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Thief’s act: First, he bowed his head at the gurdwara, then stole a bike from the parking lot and fled