You are currently viewing पंजाब में फंदे से लटकता मिला 26 वर्षीय युवक का शव, परिवार में कोहराम; भाई ने भाभी को लेकर उठाए गंभीर सवाल

पंजाब में फंदे से लटकता मिला 26 वर्षीय युवक का शव, परिवार में कोहराम; भाई ने भाभी को लेकर उठाए गंभीर सवाल

लुधियाना: लुधियाना के जमालपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रामनगर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 26 वर्षीय युवक का शव उसके ही घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान तेजराम के रूप में हुई है, जो पेशे से बोरवेल करने का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

मृतक तेजराम के भाई ने इस मामले में अपनी भाभी और ससुराल पक्ष को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भाई का आरोप है कि घटना से दो दिन पहले तेजराम ने उसे फोन किया था और वह काफी घबराया हुआ था। भाई के मुताबिक, तेजराम ने फोन पर बताया था कि “यहाँ कुछ लोग मुझे पीटते रहते हैं।” इस पर भाई ने उसे सलाह दी थी कि वह पैसे लेकर वापस गांव आ जाए। परिजनों का कहना है कि इसके बाद अगली सुबह उन्हें तेजराम की मौत की खबर मिली। उनका यह भी आरोप है कि मृतक की पत्नी ने जानबूझकर उन्हें घटना की जानकारी काफी देरी से दी, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है।

दूसरी ओर, मृतक की पत्नी अनीता ने ससुराल वालों के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अपना पक्ष रखा है। अनीता का कहना है कि तेजराम शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर घर में झगड़ा करता था। रोज-रोज के क्लेश से तंग आकर वह कुछ समय के लिए दूसरे घर में रहने चली गई थी। जब वह सुबह वापस लौटी और गेट के छेद से अंदर झांककर देखा, तो तेजराम का शव पंखे से झूल रहा था। अनीता ने दावा किया है कि ससुराल वाले उसे जानबूझकर इस मामले में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।

जमालपुर पुलिस ने बताया कि उन्हें मृतक के परिजनों की ओर से शिकायत मिली है कि मौत से पहले तेजराम के साथ मारपीट की गई थी। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

The body of a 26-year-old man was found hanging in Punjab, plunging the family into grief