You are currently viewing किसान और केंद्र सरकार के बीच आज फिर होगी वार्ता, क्या बन पाएगी बात?

किसान और केंद्र सरकार के बीच आज फिर होगी वार्ता, क्या बन पाएगी बात?

नई दिल्ली: केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली के अलग अलग बॉर्डर पर जारी किसान आंदोलन का 44वां दिन है। किसान संगठनों और सरकार के बीच आज अगले दौर की आज होनी है। किसान संगठनों और सरकार के बीच आज दोपहर 2 बजे विज्ञान भवन में बातचीत होगी। सरकार और किसानों के बीच वार्ता से एक दिन पहले गुरुवार शाम को नानकसर सम्प्रदाय के जुड़े बाबा लक्खा सिंह ने केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर से मुलाकात की।

किसानों और सरकार के बीच मध्यस्थता के लिए उन्होंने कृषि मंत्री को प्रस्ताव दिया। लक्खा सिंह ने कृषि मंत्री से मिलकर किसान आंदोलन से सम्बंधित चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक बाबा लक्खा सिंह ने सरकार का पक्ष सुना। कृषि मंत्री ने कहा, ”हम दस कदम आगे बढ़े। किसान संगठनों को भी कुछ आगे बढ़ना चाहिए। रद्द करने की बात को छोड़ और कोई भी प्रस्ताव दे तो सरकार आगे फिर उसपर विचार करेगी।” उधर पंजाब बीजेपी के नेता सुरजीत सिंह जिहानी और हरजीत सिंह ग्रेवाल ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।

सरकार से बातचीत से पहले हजारों किसानों ने केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ गुरुवार को को प्रदर्शन स्थल-सिंघू, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर और हरियाणा के रेवासन में ट्रैक्टर रैली निकाली। प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों ने कहा कि 26 जनवरी को हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से राष्ट्रीय राजधानी में आने वाले ट्रैक्टरों की प्रस्तावित परेड से पहले यह महज एक रिहर्सल है।

इससे पहले 4 जनवरी को हुई वार्ता के बाद भी गतिरोध समाप्त नहीं हो सका था। किसान संगठनों के प्रतिनिधि इन कानूनों को निरस्त करने की अपनी मांग पर अड़े रहे जबकि सरकार उन्हें इनके फायदे गिनाती रही।