You are currently viewing पंजाब में रफ्तार का कहर: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार BMW; मदद करने आए लोगों को गालियां देकर भागा शराबी ड्राइवर

पंजाब में रफ्तार का कहर: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार BMW; मदद करने आए लोगों को गालियां देकर भागा शराबी ड्राइवर

लुधियाना: महानगर के फिरोजपुर रोड स्थित एलिवेटेड पुल पर सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उत्तर प्रदेश नंबर की एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किसी धमाके जैसी आवाज हुई। गनीमत रही कि कार बीच के डिवाइडर से टकराकर सड़क पर ही रह गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कार साइड रेलिंग से टकराती, तो वह पुल से नीचे गिर सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। टक्कर के कारण कार का अगला पहिया निकल गया और फ्रंट सीट के दोनों एयरबैग खुल गए।

पुल पर रंग-रोगन का काम कर रहे प्रत्यक्षदर्शी कुलविंदर सिंह जस्सा ने बताया कि कार की रफ्तार बेहद तेज थी और ड्राइवर ने रास्ते में एक अन्य कार को भी साइड मारी थी। हादसे के बाद जब मजदूर और राहगीर ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए दौड़े, तो वह लड़खड़ाता हुआ बाहर निकला। ड्राइवर नशे की हालत में धुत्त था। मदद करने पहुंचे लोगों का आभार जताने के बजाय वह उन्हें गालियां देने लगा। वहां रुके अन्य राहगीरों के साथ भी उसने बदसलूकी की और मौका पाकर अपनी क्षतिग्रस्त कार वहीं छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बीएमडब्ल्यू को कब्जे में ले लिया है। गाड़ी के नंबर के आधार पर मालिक की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और नशे में धुत ड्राइवर के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

Speeding car chaos in Punjab: A speeding BMW crashed into a divider; the drunk driver abused