लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक घिनौना मामला सामने आया है। यहां एक हवस के भूखे दरिंदे ने पतंग देने का लालच देकर 8 साल के मासूम बच्चे को अपनी हवस का शिकार बना डाला। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पीड़ित बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान अर्शदीप सिंह के रूप में हुई है, जिस पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित बच्चा अपने घर पहुंचा और दर्द से कराहने लगा। पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बेटा जब घर आया तो उसने शौच वाली जगह पर तेज दर्द की शिकायत की। जब पिता ने चेक किया तो बच्चे का इनरवियर और पायजामा खून से सना हुआ था, जिसे देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घबराए पिता ने जब प्यार से बच्चे से पूछा, तो मासूम ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। बच्चे ने बताया कि पड़ोस की गली में रहने वाले अर्श ने उसे पतंग देने का झांसा दिया और अपने घर की छत पर बने कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती कुकर्म किया, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
मासूम की दर्दनाक दास्तां सुनने के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की पहचान अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श (30) के रूप में की है। जांच में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से जालंधर के रामगढ़ फिल्लौर का रहने वाला है, लेकिन वर्तमान में लुधियाना के हैदर एन्क्लेव कलां में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी अर्शदीप सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) और बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) की धारा 4 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Shameful act in Punjab: An 8-year-old boy was sexually assaulted after being lured with the promise of a kite




