You are currently viewing खौलते तेल में प्लास्टिक के पैकेट घोलकर बेच रहा था पकौड़े, VIDEO वायरल होते ही स्वास्थ्य विभाग ने लिया एक्शन

खौलते तेल में प्लास्टिक के पैकेट घोलकर बेच रहा था पकौड़े, VIDEO वायरल होते ही स्वास्थ्य विभाग ने लिया एक्शन

लुधियाना: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं, जिसमें लुधियाना का एक पकौड़ा विक्रेता खौलते तेल की कड़ाही में सीधे रिफाइंड तेल के सीलबंद प्लास्टिक पैकेट डालकर उसे खोलता नजर आ रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद मचे हड़कंप के बीच स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत एक्शन लेते हुए दुकान पर छापेमारी कर तेल के सैंपल भरे हैं।

एक फूड ब्लॉगर द्वारा लुधियाना के गिल चौक स्थित एक प्रसिद्ध पकौड़े की दुकान पर यह वीडियो बनाया गया था। वीडियो में, जस्पाल नाम का दुकानदार रिफाइंड तेल के पांच सीलबंद पैकेट उठाता है और उन्हें सीधे खौलते तेल की कड़ाही में डाल देता है। एक पल के भीतर, गर्मी से पैकेट खुल जाते हैं और सारा तेल कड़ाही में चला जाता है। इसके बाद ब्लॉगर आरोप लगाता है कि वे प्लास्टिक को तेल में ही पिघला देते हैं।

लुधियाना में दुकानदार रिफाइंड के पैकेट गर्म कड़ाही में डालता हुआ। - Dainik Bhaskar

वीडियो में आगे दुकानदार उसी तेल में पकौड़े तलना शुरू कर देता है। इस दौरान वह मजाक में कहता है, अगर पानी पीना है तो 20 रुपये का है, और अगर पकौड़े खाने हैं तो 10 रुपये के हैं।” इस पर ब्लॉगर उससे पूछता है कि क्या 10 रुपये में प्लास्टिक वाले पकौड़े हैं? यह सुनकर दुकानदार जस्पाल मुस्कुरा देता है।


डॉक्टरों के अनुसार, इस तरह गर्म तेल में प्लास्टिक डालने से बीपीए (BPA) और डाइऑक्सिन जैसे जहरीले रसायन निकलते हैं, जो कैंसर, हार्मोनल असंतुलन और कमजोर इम्यून सिस्टम जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह तरीका न केवल भोजन को जहरीला बनाता है, बल्कि लंबे समय में गंभीर बीमारियों का खतरा भी कई गुना बढ़ा देता है।

वीडियो वायरल होने पर लोगों ने सोशल मीडिया पर भारी गुस्सा जाहिर किया। हालांकि, जब मामला तूल पकड़ गया, तो दुकानदार जस्पाल ने यह दावा किया कि उसने यह सब वीडियो बनाने वाले फूड ब्लॉगर के कहने पर किया था।

मामले का संज्ञान लेते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत कौर ने बताया, हमने फूड स्टॉल से तेल के सैंपल ले लिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुकानदार को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

selling pakoras by mixing plastic