ब्रैम्पटन: कनाडा के ब्रैम्पटन शहर से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर सोशल मीडिया के जरिए किराये का मकान ढूंढने वालों के रोंगटे खड़े हो जाएंगे। यहां एक 27 वर्षीय शातिर महिला ने फर्जीवाड़े का ऐसा मायाजाल बिछाया कि दर्जनों लोग बेघर हो गए और अपनी गाढ़ी कमाई लुटा बैठे। अपना पुराना घर छोड़कर जब लोग सामान लादकर नए आशियाने पर पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस ने इस महाठग महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर धोखाधड़ी के करीब 40 गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं। इस शातिर दिमाग लड़की ने किराएदारों को 60,000 डॉलर से ज्यादा का चूना लगाया है।
सोशल मीडिया पर बिछाया था सस्ते घरों का जाल
पील रीजनल पुलिस द्वारा जारी बयान के मुताबिक, गिरफ्तार की गई आरोपी की पहचान ब्रैम्पटन (कनाडा) की रहने वाली 27 वर्षीय सवरीत कौर के रूप में हुई है। सवरीत ने मई 2025 से फरवरी 2026 के बीच धोखाधड़ी के इस बड़े खेल को अंजाम दिया। उसने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बेसमेंट और अपार्टमेंट किराये पर देने के बेहद लुभावने विज्ञापन पोस्ट किए। सस्ते और अच्छे घर के लालच में लोग आसानी से उसके जाल में फंसते चले गए। पीड़ितों ने बाकायदा रेंटल एग्रीमेंट (किरायानामा) पर हस्ताक्षर किए और पहले तथा आखिरी महीने के किराये के रूप में हजारों डॉलर एडवांस में जमा कर दिए।
दरवाजे पर पहुंचे तो सड़क पर आ चुके थे लोग
इस खौफनाक ठगी का सबसे दर्दनाक पहलू तब सामने आया, जब पीड़ित अपना पुराना घर पूरी तरह खाली करके अपना सारा सामान लेकर नए पते पर शिफ्ट होने पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्हें गहरा झटका लगा, क्योंकि वह प्रॉपर्टी किराये के लिए उपलब्ध ही नहीं थी। पलक झपकते ही वे लोग सड़क पर आ गए थे, क्योंकि न तो उन्हें वादा किया गया घर मिला और न ही उनके एडवांस पैसे कभी वापस लौटाए गए। जांचकर्ताओं ने अब तक ऐसे 17 अलग-अलग मामलों की पहचान की है, जिनमें पीड़ितों को कुल मिलाकर 60 हजार डॉलर से अधिक का भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा है।
पुलिस ने जारी की सख्त हिदायत, आरोपी जेल में
इस शातिर ठग सवरीत कौर को गिरफ्तार करने के बाद ओंटारियो कोर्ट ऑफ जस्टिस में जमानत सुनवाई के लिए पुलिस हिरासत में रखा गया है। 22 डिवीजन क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (CIB) इस पूरे मामले की गहराई से तफ्तीश कर रहा है। इस घटना के बाद पील रीजनल पुलिस ने आम जनता के लिए एक सख्त एडवायजरी भी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से रेंटल प्रॉपर्टी खोजते समय अत्यधिक सावधानी बरतें। साथ ही पुलिस ने किसी भी तरह की ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए कनाडाई एंटी-फ्रॉड सेंटर से जानकारी लेने की भी सलाह दी है।


Rental scam in Canada: 27-year-old Savreet Kaur arrested for swindling $60,000








