विंडसर: कनाडा से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां रहने वाली 45 वर्षीय पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। लासाल पुलिस के अनुसार, इस खौफनाक वारदात को मंगलवार रात उनके ही घर में अंजाम दिया गया। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
घर में घुसकर किया गया जानलेवा हमला
कनेडियन मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस की जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने विंडसर में रहने वाली नैन्सी ग्रेवाल के घर में घुसकर उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसेक्स-विंडसर आपातकालीन चिकित्सा सेवा की टीम तुरंत टॉड लेन के 2400 ब्लॉक स्थित उनके आवास पर पहुंची। घायल नैन्सी को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। बुधवार शाम को कनाडा पुलिस के अधिकारी माइकल पियर्स ने इस दर्दनाक घटना की आधिकारिक पुष्टि की।
पुलिस ने पूरे इलाके को किया सील
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार सुबह अधिकारियों ने टॉड लेन पर कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच स्थित दो घरों की घेराबंदी कर दी। इसके साथ ही, घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर हर्ब ग्रे पार्कवे के पास एक जंगली इलाके को भी पीली पुलिस टेप लगाकर सील कर दिया गया है। अधिकारी माइकल पियर्स ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए आश्वासन दिया है कि पुलिस हत्या की पूरी गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
खालिस्तान समर्थकों के खिलाफ रहती थीं मुखर
नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती थीं। जानकारी के अनुसार, वह अक्सर खालिस्तान समर्थक गतिविधियों की कड़ी आलोचना करती थीं और सोशल मीडिया पर इन मुद्दों को लेकर अपनी राय मजबूती से रखती थीं। कई बार वह अपने वीडियो में कड़े शब्दों और अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल करती थीं। इसके अलावा, पंजाब के कई राजनेताओं की कार्यशैली का भी उन्होंने सोशल मीडिया पर मुखर होकर विरोध किया था।

Punjabi YouTuber Nancy Grewal was brutally murdered in Canada, stabbed inside her home; she was a vocal opponent








