You are currently viewing केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने वाले को पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार, वॉट्सऐप मैसेज भेजकर मांगी थी 7 करोड़ की रंगदारी

केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने वाले को पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार, वॉट्सऐप मैसेज भेजकर मांगी थी 7 करोड़ की रंगदारी

रोहतक: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देकर 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले मुख्य आरोपी को पंजाब पुलिस ने धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा के रूप में हुई है। पंजाब पुलिस की टीम ने शुक्रवार को रोहतक की शास्त्री कॉलोनी से आरोपी को हिरासत में लिया था, जिसके बाद शनिवार (14 नवंबर) को उसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

AAP विधायक जरनैल सिंह को वॉट्सऐप मैसेज भेजकर मांगी थी 7 करोड़ की रंगदारी
इस पूरे मामले का खुलासा दिल्ली के तिलकनगर से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक जरनैल सिंह की शिकायत के बाद हुआ। विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि बीती 6 नवंबर को शाम करीब 6 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और वॉट्सऐप मैसेज आया। मैसेज में आरोपी ने सीधी धमकी देते हुए लिखा था कि “7 करोड़ दे दो, नहीं तो अरविंद केजरीवाल और उसकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मार दूंगा।” पुलिस ने जब तकनीकी जांच के जरिए उस मोबाइल नंबर की पड़ताल की, तो वह नंबर रोहतक के कोमल जांगड़ा के नाम पर ही रजिस्टर्ड पाया गया, जिसके बाद पंजाब पुलिस की टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

DC ऑफिस से टर्मिनेट हुआ था क्लर्क, अपना नाम नापसंद होने पर रख लिया था ‘कोबरा’
आरोपी की पृष्ठभूमि की जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। कोमल मूल रूप से रोहतक जिले के समरगोपालपुर कलां गांव का रहने वाला है और पिछले कुछ वर्षों से अपने परिवार के साथ रोहतक की अमृत कॉलोनी में रह रहा था। वह पहले रोहतक के उपायुक्त (DC) कार्यालय में क्लर्क के पद पर तैनात था, लेकिन करीब 6 महीने पहले ही डीसी ने किसी कारणवश उसे नौकरी से टर्मिनेट कर दिया था। बताया जा रहा है कि कोमल को अपना असली नाम पसंद नहीं था, जिसके चलते उसने अपना नाम बदलकर ‘कोबरा’ रख लिया था।

गिरफ्तारी के बाद परिजनों को लगी धमकी की भनक, रिमांड पर उगलेगा राज
दूसरी ओर, आरोपी कोमल के भाई तिलकराज ने बताया कि शुक्रवार को पंजाब पुलिस की टीम उनके भाई को रोहतक की शास्त्री कॉलोनी से अपने साथ ले गई थी। परिजनों का कहना है कि कोमल की गिरफ्तारी होने के बाद ही उन्हें इस बात की जानकारी मिली कि उसने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार को धमकी दी है। फिलहाल, पंजाब पुलिस आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस धमकी के पीछे उसका असली मकसद क्या था और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

Punjab Police has arrested an individual who threatened to kill Kejriwal; the person had demanded an extortion