You are currently viewing पंजाब: पिता के सामने 17 साल की बेटी की दर्दनाक मौत, परीक्षा देने जा रही छात्रा के साथ हुआ ऐसा खौफनाक वाकया

पंजाब: पिता के सामने 17 साल की बेटी की दर्दनाक मौत, परीक्षा देने जा रही छात्रा के साथ हुआ ऐसा खौफनाक वाकया

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना शहर से आज शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। शहर के व्यस्त माता रानी चौक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने कहर बरपाते हुए एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। इस भीषण सड़क हादसे में 11वीं कक्षा की एक 17 वर्षीय छात्रा रश्मी कुमारी की अपने पिता के सामने ही तड़प-तड़प कर जान चली गई। घटना को अंजाम देने के बाद बेखौफ ट्रक चालक अपना वाहन वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।

होली मनाने आई थी पिता के पास, आज ट्रेन से लौटना था बिहार

मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के मसिहा गांव का रहने वाला यह परिवार गहरे सदमे में है। मृतका के पिता मिथलेश शर्मा पिछले 15 सालों से लुधियाना में रहकर एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करते हैं। परिवार में रश्मी का एक भाई भी है। रश्मी महज दो दिन पहले ही होली की छुट्टियों में अपने पिता से मिलने आई थी। आज शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे पिता मिथलेश अपनी बेटी को एक्टिवा पर बैठाकर रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। रश्मी की सुबह 8:30 बजे की ट्रेन थी, जिससे उसे वापस बिहार अपनी 11वीं कक्षा की परीक्षा देने जाना था।

तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर

पिता-पुत्री जब माता रानी चौक के पास पहुंचे, तभी पीछे से मौत बनकर आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि रश्मी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका पेट बुरी तरह फट गया। खून से लथपथ छात्रा को सड़क पर तड़पता देख एक रहमदिल ई-रिक्शा चालक ने तुरंत अपनी सवारियों को उतारा और पिता-पुत्री को अस्पताल ले जाने के लिए रिक्शा दौड़ाया। लेकिन अफसोस, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में रश्मी ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने ट्रक किया जब्त, आरोपी की तलाश तेज

हादसे के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर इंसानियत दिखाने के बजाय गाड़ी वहीं छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली से एएसआई बलराज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और ट्रक के मालिक व फरार ड्राइवर की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। रश्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। रोते-बिलखते पिता मिथलेश ने रुंधे गले से बताया कि उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस बेटी को वह स्टेशन छोड़ने जा रहे हैं, उसे वह बीच रास्ते में ही हमेशा के लिए खो देंगे।

punjab-17-year-old-girl-dies-tragically-in-front-of-her-father-horrific-incident-occurs-with-student-going-to-take-exam