मोहाली: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से संबद्ध और मान्यता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के हित में एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला लिया है। नई व्यवस्था के तहत अब पहली से 12वीं कक्षा तक की सभी पाठ्य पुस्तकें बोर्ड द्वारा सीधे स्कूलों के माध्यम से ही विद्यार्थियों को मुहैया करवाई जाएंगी।
अभिभावकों का आर्थिक बोझ कम करने की पहल
बोर्ड के इस खास कदम का मुख्य उद्देश्य छात्रों और उनके अभिभावकों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है। इस फैसले के लागू होने से किताबों पर मिलने वाला 15 प्रतिशत का डिस्काउंट अब सीधे तौर पर विद्यार्थियों को लाभ के रूप में मिलेगा, जिससे उन्हें बाजार के मुकाबले कम कीमत पर आसानी से किताबें उपलब्ध हो सकेंगी।
15 मार्च तक ऑनलाइन पोर्टल पर देनी होगी जानकारी
पाठ्य पुस्तकों की मांग (डिमांड) प्राप्त करने के लिए शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर एक विशेष वेब पोर्टल तैयार किया गया है। सभी स्कूल अपने निर्धारित लॉगिन आईडी के जरिए इस पोर्टल पर जाकर कक्षा-वार और विषय-वार आवश्यक किताबों की मांग 15 मार्च 2026 तक ऑनलाइन भरकर सबमिट कर सकते हैं।
समय रहते व्यवस्था पूरी करने के निर्देश
पंजाब बोर्ड की तरफ से सभी एफिलिएटेड और एसोसिएटेड स्कूलों से यह अपील की गई है कि वे अपने स्कूल लॉगिन में जाकर तय तिथि से पहले ‘बुक डिमांड प्रोफार्मा’ भरना सुनिश्चित करें। ऐसा करने से नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले ही किताबों की छपाई और वितरण से जुड़े सभी जरूरी प्रबंध समय रहते पूरे किए जा सकेंगे।

PSEB’s big decision: Books will now be available directly from schools; students will receive this much percent discount




