मोहाली: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने इस साल मार्च में आयोजित हुई 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं। हर साल की तरह इस बार भी लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ते हुए अपना दबदबा कायम रखा है और मेरिट लिस्ट में शानदार जगह बनाई है। शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉक्टर अमरपाल सिंह ने सोमवार को 10वीं के नतीजों का ऐलान किया, जिसमें फरीदकोट की एक होनहार बेटी ने पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन कर दिया है।
फरीदकोट की हरलीन शर्मा बनीं स्टेट टॉपर
शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी 272 विद्यार्थियों की मेरिट सूची के अनुसार, फरीदकोट के जैतो स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल की होनहार छात्रा हरलीन शर्मा (पुत्री जसविंदर कुमार) ने शानदार प्रदर्शन किया है। हरलीन ने 650 में से 646 अंक हासिल कर 99.38 प्रतिशत के साथ पूरे पंजाब में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, रूपनगर के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चनौली बस्सी की छात्रा मनीमहेश शर्मा (पुत्री विजय कुमार) ने 650 में से 645 अंक (99.23 प्रतिशत) प्राप्त कर मेरिट लिस्ट में दूसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा होशियारपुर के श्री गुरु हरकिशन पब्लिक ए 245, चीफ खालसा दीवान मॉडल टाउन की छात्रा रिया रानी (पुत्री सतनाम सिंह) ने भी 650 में से 645 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान पक्का किया है।
इस दिन आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव होगा रिजल्ट
बोर्ड की परीक्षा में शामिल हुए लाखों विद्यार्थी अपना विस्तृत परिणाम और स्कोरकार्ड आसानी से ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। बोर्ड के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि सभी संबंधित परीक्षार्थी 12 मई को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.pseb.ac.in और www.indiaresults.com पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। छात्रों को अपना रिजल्ट चेक करने के लिए रोल नंबर और जरूरी क्रेडेंशियल्स दर्ज करने होंगे।

PSEB Class 10 Results Declared: Girls Triumph Once Again; Harleen from Faridkot Tops the List








