You are currently viewing लुधियाना की सड़कों पर सरेआम नशे में झूमते लड़के-लड़की का खौफनाक वीडियो वायरल, दिग्गज नेताओं ने भी किया शेयर

लुधियाना की सड़कों पर सरेआम नशे में झूमते लड़के-लड़की का खौफनाक वीडियो वायरल, दिग्गज नेताओं ने भी किया शेयर

लुधियाना: पंजाब में नशे का कहर किस कदर युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर रहा है, इसकी एक और डराने वाली तस्वीर लुधियाना से सामने आई है। शहर के बस स्टैंड के पास एक युवक और युवती का सरेआम नशे में धुत होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो रविवार (12 अप्रैल) का है। वीडियो में दोनों की हालत इतनी खराब है कि उनसे ठीक से अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। नशे की हालत में युवक अपना सिर झुकाकर बेसुध खड़ा दिखा, जबकि युवती बीच सड़क पर झूमती नजर आई। इस दौरान जब लोगों की नजर पड़ी, तो लड़की अपना चेहरा छिपाती हुई दिखी।

6 दिन पहले भी होटल के बाहर दिखा था ऐसा ही नजारा

लुधियाना बस स्टैंड के पास इस तरह का यह कोई पहला मामला नहीं है। महज 6 दिन पहले भी ठीक इसी इलाके से एक ऐसा ही शर्मनाक वीडियो सामने आया था। उस वायरल वीडियो में भी एक लड़का और लड़की बस स्टैंड के पास एक होटल के बाहर सड़क के बीचों-बीच नशे में पूरी तरह से धुत खड़े थे। उस वक्त भी दोनों का अपने शरीर पर कोई काबू नहीं था और वे बुरी तरह लड़खड़ा रहे थे। लगातार सामने आ रहे इन वीडियो ने इलाके में फैलते नशे के जाल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नशे की लत पूरी करने के लिए देह व्यापार का गंभीर आरोप

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन वीडियो के साथ कुछ बेहद चौंकाने वाले दावे किए जा रहे हैं। पहला वीडियो रायकोट के एक पशु प्रेमी ने पोस्ट किया था, जबकि दूसरा वीडियो लुधियाना के ही एक स्थानीय युवक ने शेयर किया। इन वीडियो को लेकर लोगों का कहना है कि ये लड़कियां अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए देह व्यापार का सहारा लेती हैं। लोगों का सीधा आरोप है कि ये जिस्मफरोशी से जो भी कमाई करती हैं, उसे बाद में अपनी नशे की भूख मिटाने के लिए उड़ा देती हैं।

मजीठिया और खैहरा ने उठाया मुद्दा, गरमाई सियासत

इस घटना के तूल पकड़ने के बाद अब यह मामला राजनीतिक गलियारों में भी गूंजने लगा है। पंजाब में नशे के इस ज्वलंत मुद्दे को लेकर राजनेताओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। रविवार को पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ-साथ कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा ने भी इस वायरल वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। इन दिग्गज नेताओं द्वारा वीडियो शेयर किए जाने के बाद यह मामला और भी ज्यादा गरमा गया है।

‘Prostitution for the sake of drugs…’ Horrifying video goes viral showing a young couple openly staggering