चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर मंगलवार को चंडीगढ़ पुलिस ने वाटर कैनन (पानी की तेज बौछारें) का इस्तेमाल कर दिया। विभिन्न जनहितैषी मुद्दों को लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ हल्ला बोलने के लिए राज्यभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता चंडीगढ़ पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों के उग्र रुख और भारी भीड़ को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए हुए थे और जगह-जगह भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी ताकि किसी भी हाल में प्रदर्शनकारी आगे न बढ़ सकें।
बैरिकेड्स पर चढ़कर पार करने की कोशिश, पुलिस ने दागीं पानी की तेज बौछारें
रैली के बाद जब कांग्रेसी नेताओं का काफिला मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़ा, तो पुलिस ने उन्हें बैरिकेड्स लगाकर रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान गुस्साए कार्यकर्ता और नेता जबरन बैरिकेड्स पर चढ़ गए और उन्हें तोड़कर आगे निकलने का प्रयास करने लगे। करीब आधे घंटे तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की चलती रही। जब भीड़ काबू से बाहर होने लगी, तो पुलिस को हालात नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन चलानी पड़ी। अचानक छूटी पानी की तेज बौछारों से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई कार्यकर्ता तितर-बितर हो गए।
बसों में भरकर सेक्टर-11 थाने ले जाए गए प्रदर्शनकारी, सड़कों पर लगा भारी जाम
वाटर कैनन के प्रयोग के बाद भी जब कई नेता मौके पर डटे रहे, तो पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। सभी प्रदर्शनकारियों को चंडीगढ़ पुलिस की विशेष बसों में भरकर सेक्टर-11 थाने ले जाया गया। इस बड़े विरोध प्रदर्शन और पुलिस की कड़ी घेराबंदी के चलते शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम जनता को भीषण ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।
नए प्रभारी के बाद भी दिखी दरार, पूर्व CM चन्नी समेत कई दिग्गज रहे नदारद
सरकार को घेरने के लिए बुलाए गए इस बड़े शक्ति प्रदर्शन में कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर सतह पर आ गई। पार्टी द्वारा हाल ही में पंजाब का प्रभारी बदले जाने के बावजूद प्रदर्शन में पूरी एकजुटता दिखाई नहीं दी। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई दिग्गज नेता इस महत्वपूर्ण घेराव कार्यक्रम से नदारद रहे। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग मंच पर कई वरिष्ठ नेताओं को साथ जुटाने में सफल रहे और उन्होंने रैली के दौरान राज्य सरकार पर वादों से मुकरने और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर विफल रहने के तीखे आरोप मढ़े।
Police used water cannons on Congress members marching to lay siege to the CM’s residence




